समस्तीपुर DM ने किया निरिक्षण,सिंघिया घाट पर जाम से राहत के लिए मांगा बाईपास प्रस्ताव
समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने मंगलवार को विभूतिपुर प्रखंड का औचक भ्रमण एवं स्थल निरीक्षण किया. भ्रमण के दौरान डीएम ने प्रखंड क्षेत्र में चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, आमजनों को दी जा रही सरकारी सेवाओं तथा स्थानीय स्तर पर उपजी प्रमुख समस्याओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम ‘सेवा सेतु शिविर’ के तहत लगाए गए कैंप का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने शिविर के विभिन्न काउंटरों पर उपलब्ध सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी ली तथा आम जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान पात्र लाभुकों के बीच आयुष्मान भारत कार्ड एवं मनरेगा जॉब कार्ड का वितरण भी किया गया. डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ मिलने में देरी नहीं होनी चाहिए.
सिंघिया घाट पर जाम की गंभीर समस्या को देख अधिकारियों संग किया स्थल दौरा
कैंप निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी ने सिंघिया घाट क्षेत्र का दौरा किया. इस इलाके में आए दिन लगने वाले भीषण सड़क जाम और इससे आम जनता को होने वाली भारी परेशानियों को देखते हुए डीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं अभियंताओं की टीम के साथ पूरे मार्ग का जायजा लिया. उन्होंने वर्तमान सड़क संरचना, यातायात दबाव और बाईपास निर्माण की संभावनाओं की पूरी रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया.
जाम के स्थायी समाधान हेतु बाईपास का व्यवहारिक और तकनीकी प्रस्ताव देने के निर्देश
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने संबंधित विभाग के अभियंताओं को सिंघिया घाट पर जाम से स्थायी निजात दिलाने के लिए बाईपास निर्माण का व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रस्ताव जल्द से जल्द बनाकर सौंपने का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि प्रस्ताव बनाते समय भूमि की उपलब्धता, यातायात का भविष्य का दबाव और जनसुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए. निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम समेत कई विभागीय अभियंता व अधिकारी मौजूद रहे.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
