विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत:परिजन ने दहेज के लिए गला दबाकर मारने का लगाया आरोप
पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र के दीवान मोहल्ला में सोमवार को 23 साल की पूजा कुमारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।
पूजा के भाई आशीष कुमार ने खाजेकलां थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बहनोई राजा कुमार समेत कई लोगों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच शुरू की।आशीष ने बताया कि दो साल पहले पूजा की शादी दीवान मोहल्ला के राजा कुमार (26) से हुई थी। राजा पिकअप चलाकर गुजारा करता। एक साल बाद राजा का किसी दूसरी महिला से संबंध होने की बात पता चली, जिसके बाद वह पूजा से दूर रहने लगा।
परिजन बोले- राजा पत्नी से मारपीट करता था
आरोप है कि राजा अपनी पत्नी से मारपीट करता था और घर भी नहीं आ रहा था। महिला थाना में शिकायत के बाद समझौता हुआ। आशीष का आरोप है कि पूजा के शरीर पर चोट के निशान थे। उन्होंने शक जताया कि मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या कर इसे खुदकुशी दिखाने की कोशिश हुई।
मायके वालों ने इस मामले में दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए खाजेकलां थाना में शिकायत दर्ज कराई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
