Patna

फॉर्च्यूनर कार में ₹70 लाख का सोना! सिलीगुड़ी में सहरसा के 2 तस्कर गिरफ्तार

पटना.मधेपुरा. चारपहिया वाहन में गुप्त चैंबर बनाकर सोने की तस्करी करने के एक मामले का बागडोगरा पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने एयरपोर्ट मोड़ के समीप नाकेबंदी कर एक ब्लैक फॉर्च्यूनर से 465 ग्राम अवैध सोना बरामद किया है. जब्त सोने का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 70 लाख रुपये आंका गया है. पुलिस ने मौके से बिहार के सहरसा निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहरसा निवासी सावन कुमार और रमन कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार दोनों युवक सिलीगुड़ी से सोने की खेप लेकर सड़क मार्ग से सहरसा लौट रहे थे.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

गुप्त सूचना पर रोकी गयी ब्लैक फॉर्च्यूनर

बागडोगरा थाना पुलिस ने रविवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध ब्लैक फॉर्च्यूनर को एयरपोर्ट मोड़ के समीप रुकवाया. वाहन का नंबर बीआर 19 टी 0005 बताया गया है. पुलिस ने वाहन की सघन तलाशी ली तो उसके भीतर विशेष रूप से बनाया गया गुप्त तहखाना यानी चैंबर मिला. इसी चैंबर में सोने के बिस्कुट छिपाकर रखे गये थे. पूछताछ के दौरान दोनों युवक बरामद सोने से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद पुलिस ने सोना और वाहन जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

 

सहरसा के स्वर्ण कारोबारी के नाम दर्ज है फॉर्च्यूनर

पुलिस और परिवहन विभाग के सूत्रों के अनुसार जब्त लग्जरी फॉर्च्यूनर सहरसा के स्वर्ण कारोबारी सोनू कुमार सोनी के नाम से निबंधित है. प्राथमिक जांच में पुलिस के सामने यह बात आयी है कि दोनों आरोपी सिलीगुड़ी से सोने की खेप लेकर सहरसा की ओर जा रहे थे. पुलिस अब बरामद सोने के स्रोत और उसके संभावित गंतव्य से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है.

 

कोसी-सीमांचल तक तस्करी का नेटवर्क होने का दावा

सूत्रों के अनुसार सिलीगुड़ी और नेपाल से कथित रूप से तस्करी के जरिये लाया जाने वाला सोना सहरसा और मधेपुरा की सराफा मंडियों तक पहुंचाये जाने की बात सामने आ रही है. सूत्रों ने कोसी-सीमांचल क्षेत्र में ऐसे कारोबार से जुड़े लोगों के सक्रिय होने का दावा किया है. हालांकि इस पूरे नेटवर्क के संबंध में पुलिस की जांच अभी जारी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सोने की खेप कहां से आयी थी और इसे स्थानीय स्तर पर किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. जांच में कथित सिंडिकेट के मास्टरमाइंड और अन्य संभावित कड़ियों का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

 

अदालत में पेश होंगे दोनों आरोपी

बागडोगरा पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ सीमा शुल्क और संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. दोनों को सोमवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जा रहा है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने और मामले की आगे की जांच के लिए अदालत से दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेने की अर्जी देने की तैयारी में है. रिमांड मिलने के बाद पूछताछ के आधार पर सोने की खेप से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की कड़ियों का पता लगाने का प्रयास किया जायेगा.

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *