Samastipur

समस्तीपुर:सड़कों पर उतरी पुलिस, SP अरविंद प्रताप सिंह ने खुद संभाली कमान,किया जाँच 

समस्तीपुर: अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को जिलेभर में पुलिस ने विशेष सघन वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह समेत पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष और जवान प्रमुख चेकपोस्ट, मार्गों व संवेदनशील स्थानों पर जांच करते नजर आये.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके कागजातों की जांच की गयी. पुलिसकर्मियों ने वाहनों की डिक्की, सीट के नीचे और अन्य संदिग्ध स्थानों की भी तलाशी ली. बिना वैध दस्तावेज के मिले वाहन चालकों से पूछताछ की गयी. संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर संबंधित लोगों से आवश्यक जानकारी ली गयी.

 

मोहनपुर रोड पर एसपी ने खुद संभाली कमान

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर रोड में पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह स्थानीय पुलिस टीम के साथ वाहन जांच अभियान का नेतृत्व करते नजर आये. मौके पर थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद समेत पुलिस के जवान मौजूद रहे. एसपी ने जिले के अन्य चेकपोस्ट पर भी पुलिस अधिकारियों और जवानों से जांच की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

 

एसपी ने पुलिसकर्मियों को वाहन जांच के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने जांच में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा.

 

शराब तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर नजर

पुलिस के अनुसार, विशेष अभियान का उद्देश्य शराब तस्करी, चोरी, आपराधिक गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है. दूसरे क्षेत्रों से आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर भी पुलिस की नजर रही.

 

अचानक शुरू हुए अभियान के कारण वाहन चालकों में भी सतर्कता देखी गयी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में ऐसे विशेष और औचक जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे. नियमित और अचानक वाहन जांच के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है. शनिवार को अचानक चले अभियान से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति बनी रही.

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *