पिस्तौल सटाकर 3 लाख के गहने लूटे,समस्तीपुर में ज्वेलर्स की दुकान में दिनदहाड़े लूट
समस्तीपुर: रोसड़ा थाना क्षेत्र के एरौत मुसहरी चौक स्थित सुमन ज्वेलर्स में शनिवार की शाम ग्राहक बनकर पहुंचे दो हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया. बदमाश करीब 20 ग्राम सोने के आभूषण लेकर बाइक से रोसड़ा की ओर फरार हो गये. लूटे गये आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बतायी जा रही है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी.
बच्चों के गहने दिखाने के बाद मांगी पायल
शहर के कटहरबन्नी मोहल्ला निवासी राम नारायण ठाकुर पिछले करीब दो वर्षों से एरौत मुसहरी चौक पर ज्वेलर्स की दुकान चला रहे हैं. दुकानदार के अनुसार, शनिवार को करीब 4:20 बजे पल्सर जैसी मोटरसाइकिल से दो बदमाश दुकान पर पहुंचे. एक बदमाश बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरा ग्राहक बनकर दुकान के अंदर दाखिल हुआ.
अंदर पहुंचने के बाद बदमाश ने बच्चों के सोने के कान के आभूषण दिखाने को कहा. दुकानदार ने स्टील के डिब्बे में रखे आभूषण निकालकर उसे दिखाना शुरू किया. इसके बाद बदमाश ने पायल दिखाने की बात कही.
दुकानदार जैसे ही पायल निकालने के लिए तिजोरी की ओर मुड़ा, बदमाश ने कमर से पिस्तौल निकालकर उसे सटा दी. इसके बाद स्टील के डिब्बे में रखे सोने के आभूषण लेकर दुकान से बाहर निकल गया.
बाइक से रोसड़ा की ओर भागे दोनों बदमाश
दुकान से बाहर निकलते ही बदमाश अपने साथी के साथ बाइक पर सवार हो गया. दोनों रोसड़ा की ओर फरार हो गये. बदमाशों के भागने के बाद दुकानदार ने शोर मचाया.घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. बाद में सूचना मिलने पर पुनि सह थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
झाला, हनुमानी और मंगलसूत्र के गहने ले गये
दुकानदार के अनुसार, बदमाश स्टील के डिब्बे में रखे झाला के दो जोड़े, हनुमानी के चार पीस, जितिया के चार पीस, मंगलसूत्र का टिकरा तीन पीस और ढोलना के दो पीस समेत करीब 20 ग्राम सोने के आभूषण ले गये. इनकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बतायी गयी है.पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. बदमाशों के भागने की दिशा में भी पुलिस टीम द्वारा छापेमारी की जा रही है. दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान में हुई वारदात के बाद स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में दहशत का माहौल है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
