अरुणाचल में शहीद अग्निवीर आदित्य का मिला पार्थिव शरीर,वहीं हुआ अंतिम संस्कार, आज तिरंगा यात्रा
हाजीपुर,अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली जिले में गत 15 अगस्त को बादल फटने के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन में लापता हुए हाजीपुर के अग्निवीर जवान आदित्य कुमार का पार्थिव शरीर करीब तीन दिन पहले मलबे से बरामद कर लिया गया है। इस दुखद खबर से सदर थाना क्षेत्र के सैदपुर रजौली गांव में कोहराम मच गया है। शहीद जवान के दादा चंद्रकांत प्रसाद यादव ने बताया कि शव लाने की स्थिति में नहीं होने के कारण उनके छोटे भाई (जो खुद सिक्किम में अग्निवीर हैं) और फुफेरे भाई ने अरुणाचल पहुंचकर वहीं पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया।
अब सेना के जवान और परिजनों की टीम शहीद आदित्य का अस्थि कलश लेकर शुक्रवार की देर रात तक दानापुर पहुंच जाएगी। शनिवार की सुबह उनके पैतृक गांव सैदपुर रजौली से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। तिरंगा यात्रा से पूर्व शहीद के दरवाजे पर सेना के अधिकारी, सेवानिवृत्त सैनिक संघ के सदस्य और ग्रामीणों की मौजूदगी में सलामी दी जाएगी। इसके बाद अस्थि कलश को कोनहारा घाट ले जाकर विसर्जित किया जाएगा। आशुतोष कुमार के बड़े पुत्र आदित्य अप्रैल 2025 में अग्निवीर में भर्ती हुए थे और दिबांग वैली के पासुपानी आर्मी कैंप में तैनात थे।