समस्तीपुर कांड पर भड़के चिराग पासवान, सीएम से की जमुई जैसे एनकाउंटर की मांग
समस्तीपुर : जमुई में नाबालिग से बदसलूकी का मामला सामने आने के कुछ दिन बाद अब समस्तीपुर में भी इसी तरह का वीडियो सामने आया है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
मामले को लेकर अब केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से सख्त कार्रवाई की मांग की है.
चिराग ने कहा- अपराधियों में कानून का डर होना चाहिए
चिराग पासवान ने समस्तीपुर की घटना को शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि अगर बच्चियों के साथ खुलेआम ऐसी घटनाएं होती हैं, तो यह कानून-व्यवस्था और प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल खड़ा करता है.
उन्होंने कहा कि अपराधियों का मनोबल बढ़ने की ऐसी स्थिति चिंता का विषय है. चिराग ने मुख्यमंत्री से मामले में शामिल हर व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की.
चिराग ने की आरोपियों के एनकाउंटर की मांग
चिराग पासवान ने इससे आगे बढ़कर समस्तीपुर मामले के आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की. उन्होंने जमुई मामले में हुई पुलिस कार्रवाई का हवाला देते हुए कहा कि समस्तीपुर में भी आरोपियों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई होनी चाहिए. उनका कहना है कि इससे अपराधियों में कानून का डर कायम होगा और ऐसी घटनाओं की दोबारा होने से रोकने में मदद मिलेगी.
समस्तीपुर में क्या हुआ था?
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया निगरानी के दौरान 23 सितंबर की शाम एक वीडियो सामने आया, जिसमें कुछ लोग एक लड़की के साथ अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे थे. वीडियो का तकनीकी सत्यापन कराया गया और घटनास्थल की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव के पास बांध की सड़क के रूप में हुई.पुलिस के अनुसार, घटना करीब एक सप्ताह पुरानी है. वीडियो में लड़की की पहचान स्थापित नहीं हो पाने और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारी के बयान पर 24 सितंबर को कर्पूरीग्राम थाना में केस दर्ज किया गया.
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल चारों आरोपियों की पहचान कर ली गई. सूचना मिलने के करीब छह घंटे के भीतर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया.गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान के रूप में हुई है. मामले में भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
