समस्तीपुर:विभूतिपुर में स्कूल कैंपस में छात्रों पर गिरा पेड़, तीन छात्रा की मौत,आक्रोश
समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद मर्मस्पर्शी और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. अपग्रेड मिडिल स्कूल चकविदुलिया में गुरुवार को मध्याह्न भोजन के दौरान एक पुराना बरगद का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर बच्चों के ऊपर गिर गया. इस भीषण हादसे में तीन मासूम छात्राओं की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मध्याह्न भोजन के बाद चापाकल पर पानी पीने गए थे बच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों और स्कूल के बच्चों ने बताया कि गुरुवार को निर्धारित समय पर मध्याह्न भोजन (एमडीएम) परोसा गया था. खाना खाने के बाद बच्चे हाथ धोने और पानी पीने के लिए स्कूल परिसर में स्थित चापाकल के पास गए थे. बच्चे पानी पीने के लिए वहीं एकत्र हुए थे, तभी अचानक चापाकल के पास खड़ा एक विशाल और पुराना बरगद का पेड़ अपनी जड़ें छोड़ते हुए अचानक बच्चों के ऊपर आ गिरा. पेड़ के नीचे दबने से मौके पर ही चीख-पुकार मच गई.
दो छात्राओं की मौके पर मौत, एक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
इस अचानक हुए हादसे में वर्ग पांच की अमरजीत ठाकुर की पुत्री अनन्या उर्फ पायल कुमारी (11) और वर्ग चार की राम कुमार महतो की बेटी सपना कुमारी (10) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, मो. ताजीम की पुत्री गुलनाज खातून गंभीर रूप से घायल हो गई थी. आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. एक साथ तीन मासूम बच्चियों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
प्रशासन मौके पर पहुंचा, अधिकारियों ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया. रोसड़ा एसडीओ पूजा कुमारी, एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा, बीडीओ सुनील कुमार और सीओ चंद्रशेखर दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने दोनों मृत छात्राओं के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है.
स्कूल और गांव में पसरा मातम, परिजनों का बुरा हाल
इस हृदयविदारक घटना के बाद से अपग्रेड मिडिल स्कूल चकविदुलिया और आसपास के पूरे गांवों में मातम पसरा हुआ है. दीपावली और पर्व-त्यौहार के माहौल के बीच घरों में हुए इस कोहराम से हर किसी की आंखें नम हैं. मृत बच्चियों के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिन्हें सांत्वना देने के लिए पूरा गांव इकट्ठा हो गया है. स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसरों में खड़े पुराने और खतरनाक पेड़ों को जल्द से जल्द कटवाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
