इलाज में लापरवाही से युवक का पैर काटने का आरोप:7 दिन में रिपोर्ट देगी डॉक्टरों की कमेटी
समस्तीपुर के निजी अस्पताल के डॉक्टर डीके शर्मा पर एक युवक के इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगा है। परिजनों का आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण युवक का बायां पैर घुटने के ऊपर से काटना पड़ा।शिकायत मिलने के बाद सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने पांच डॉक्टरों की जांच कमेटी गठित की है। कमेटी को 7 दिनों के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपनी है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित युवक बेगूसराय जिले के मंसूरचक थाना क्षेत्र के गोरापुर निवासी दुर्गेश ज्योति हैं। वह बिहार पुलिस में ड्राइवर के पद के लिए लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा पास कर चुके थे। अब सिर्फ वाहन चलाने का ट्रायल होना बाकी था। हादसे के बाद उसकी नौकरी की उम्मीद भी टूट गई। फिलहाल वह समस्तीपुर के ज्योति अस्पताल में भर्ती हैं।
मामले को लेकर मुफस्सिल थाने में भी आवेदन दिया गया है। पीड़ित के परिजनों ने सिविल सर्जन, डीएम समेत वरीय अधिकारियों से शिकायत की है।
दुर्गेश के अनुसार, अस्पताल पहुंचने के बाद उसका एक्स-रे कराया गया। इसमें पैर में फ्रैक्चर नहीं बताया गया। चोट पैर के निचले हिस्से के मांस में थी। इलाज शुरू करने के बाद डॉक्टर ने दो दिन में अस्पताल से छुट्टी देने की बात कही थी। टांका बाद में आकर कटवाने के लिए कहा गया था।पीड़ित का आरोप है कि तीन दिन बाद उसके पैर की स्थिति बिगड़ने लगी। पैर का रंग काला पड़ने लगा। जांच के बाद डॉक्टर ने इंफेक्शन होने की बात कही और संक्रमित त्वचा को हटाने की जरूरत बताई।
परिजनों की सहमति के बिना त्वचा हटाने का आरोप
दुर्गेश का आरोप है कि डॉक्टर ने परिजनों की सहमति के बिना पैर की पूरी संक्रमित त्वचा का ऑपरेशन कर उसे हटा दिया। इलाज के दौरान अलग-अलग किस्तों में एक लाख रुपए से अधिक खर्च होने की बात भी परिजनों ने कही है।।
सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि शिकायत और मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच डॉक्टरों की जांच कमेटी बनाई गई है। कमेटी में डॉ. विशाल कुमार, डॉ. सतेंद्र कुमार, डॉ. मनीष साह, डॉ. अभाष कुमार और डॉ. श्रवण कुमार शामिल हैं।कमेटी को सात दिनों के अंदर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट में इलाज के दौरान क्या प्रक्रिया अपनाई गई, कहीं लापरवाही हुई या नहीं और पैर काटने की स्थिति किन परिस्थितियों में बनी, इन बिंदुओं की जांच की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
