ट्रैक्टर पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र पहुंचे पप्पू यादव,आर्थिक मदद दी
वैशाली जिले में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने शनिवार को राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया. उन्होंने ट्रैक्टर पर सवार होकर कई प्रभावित गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. कई जगह पैदल चलकर लोगों के बीच पहुंचे और जलजमाव, आवागमन, भोजन, पेयजल और राहत व्यवस्था का जायजा लिया.
इस दौरान पप्पू यादव नोटों से भरा बैग लेकर बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे और जरूरतमंद लोगों को 500-500 रुपये की आर्थिक सहायता दी. उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को तत्काल मदद की जरूरत है. बाढ़ प्रभावित लोगों की परेशानियों को देखते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया.
सरकार की राहत व्यवस्था पर साधा निशाना
बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के बाद पप्पू यादव ने बिहार सरकार की राहत और बचाव व्यवस्था पर सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता पहले से महंगाई की मार झेल रही है और अब बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. इसके बावजूद कई इलाकों में जिस स्तर की राहत और सहायता मिलनी चाहिए, वह दिखाई नहीं दे रही है. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को और तेज करने तथा जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी सहायता पहुंचाने की मांग की.
जनप्रतिनिधियों को बाढ़ प्रभावित इलाके में रात बिताने की चुनौती
पप्पू यादव ने राघोपुर के जनप्रतिनिधियों और सांसदों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि वास्तव में बाढ़ प्रभावित जनता की परेशानी समझना चाहते हैं तो उन्हें प्रभावित इलाकों में पहुंचकर रात बितानी चाहिए. उन्होंने कहा कि बाढ़ के बीच लोगों के साथ रहने पर ही जनप्रतिनिधियों को ग्रामीणों की वास्तविक कठिनाइयों का एहसास होगा.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
