Begusarai

बछवाड़ा में फिर जमींदारी बांध से रिसाव,जलस्तर बढ़ने से किसानों की बढ़ी चिंता

बेगूसराय: गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र में एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. नदी में पानी बढ़ने से किसानों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गयी है. झमटिया और बेगमसराय के समीप जमींदारी बांध की मरम्मत के बावजूद बुधवार को बांध से दोबारा पानी का रिसाव शुरू हो गया. इससे गंगा बाया नदी का पानी बांध के आसपास के इलाकों में फैलने लगा है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

मरम्मत के बाद फिर शुरू हुआ पानी का रिसाव

स्थानीय लोगों के अनुसार, जमींदारी बांध की मरम्मत के बाद कुछ समय के लिए पानी का बहाव रुक गया था. लेकिन बुधवार की सुबह बांध से फिर रिसाव शुरू हो गया. पानी का रिसाव होने से आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गयी है. जल संसाधन विभाग की टीम ने रिसाव रोकने के लिए दोबारा काम शुरू कर दिया है.

 

24 अगस्त को टूट गया था बांध का 20 मीटर हिस्सा

बताया जाता है कि 24 अगस्त की सुबह जमींदारी बांध में रिसाव और पानी के अत्यधिक दबाव के कारण करीब 20 मीटर हिस्सा टूट गया था. बांध टूटने से रानी-1, रानी-2 और रानी-3 पंचायत के इलाके पानी में डूब गये थे. इससे किसानों की सैकड़ों बीघा फसल बर्बाद हो गयी थी और कई घर भी पानी की चपेट में आ गये थे.

 

आठ दिनों में पूरी की गयी थी बांध की मरम्मत

बांध टूटने के बाद जल संसाधन विभाग ने जमींदारी बांध की मरम्मत का काम शुरू कराया था. करीब आठ दिनों में मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया था. हालांकि, मरम्मत के कुछ ही समय बाद बुधवार को बांध से दोबारा पानी का रिसाव शुरू होने से विभाग की तैयारियों पर भी सवाल उठने लगे हैं.

 

 

पेड़ों के टुकड़े और बोरियों के कारण रिसाव

इस संबंध में जल संसाधन विभाग के एसडीओ मनीष कुमार ने बताया कि बांध की सतह पर कई जगह छोटे-बड़े पेड़ों के टुकड़े थे. वहीं, पानी का बहाव रोकने के लिए लगायी गयी बोरियां भी सही लेवल पर नहीं थीं. इसी वजह से कुछ स्थानों से पानी का रिसाव हो रहा है.

 

रिसाव रोकने के लिए दोबारा शुरू हुआ काम

एसडीओ ने बताया कि पानी के बहाव को रोकने के लिए विभाग की ओर से काम जारी है. जल्द ही रिसाव को रोक दिया जाएगा. विभाग की टीम बांध की स्थिति पर नजर रखते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य कर रही है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *