बेगूसराय में नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, लगाया हत्या का आरोप
बेगूसराय :तेघड़ा थाना क्षेत्र के दनियालपुर में रविवार की रात करीब नौ बजे संदिग्ध परिस्थिति में एक नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला. घटना नगर परिषद तेघड़ा के वार्ड संख्या 21 की है. मृतका की पहचान डॉ. साकिब अली की 25 वर्षीया पत्नी सायका रहमान के रूप में की गयी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया. मृतका के मायके वालों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है.
तीन माह की बच्ची को लेकर कमरे में गयी थी महिला
स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार की शाम करीब आठ बजे सायका रहमान अपनी तीन माह की पुत्री को लेकर कमरे में चली गयी और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. कुछ देर बाद कमरे के अंदर से बच्ची के रोने की आवाज आने लगी. दूसरे कमरे में रह रही डॉ. साकिब अली की भाभी और बहन ने आवाज सुनकर कमरे का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला.अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने इसकी जानकारी फोन के माध्यम से अपने भाई डॉ. साकिब अली को दी. सूचना मिलते ही डॉ. साकिब अली घर पहुंचे और घटना की जानकारी तेघड़ा थानाध्यक्ष क्रांति रमन को दी.
दरवाजा तोड़ने पर फंदे से लटका मिला शव
सूचना मिलते ही तेघड़ा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. पुलिस बल ने दरवाजा तोड़ा तो सायका रहमान का शव फंदे से लटका मिला. वहीं, तीन माह की बच्ची बिछावन पर रो रही थी. महिला पुलिस बल की मदद से शव को फंदे से नीचे उतारा गया.पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया. घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को भी दी गयी. सूचना मिलने पर उसका भाई सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे.
मायके वालों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप
घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने अपने बहनोई डॉ. साकिब अली पर हत्या का आरोप लगाया है. हालांकि, पुलिस के अनुसार अब तक परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी.स्थानीय लोगों ने बताया कि डॉ. साकिब अली और सायका रहमान की शादी करीब दो वर्ष पहले धूमधाम से हुई थी. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं.
फोरेंसिक टीम करेगी घटनास्थल की जांच
तेघड़ा थानाध्यक्ष क्रांति रमन ने बताया कि घटना की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है. टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. पुलिस ने कमरे से शव बरामद कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.घटना की सूचना मिलने पर तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की. पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
