Begusarai

बछवाड़ा में गंगा स्नान करने के दौरान डूबने से किशोर की मौत, चार घंटे बाद मिला शव

बेगूसराय : बछवाड़ा थाना क्षेत्र की विशनपुर पंचायत में रविवार की दोपहर गंगा नदी में स्नान करने के दौरान पानी में डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. देखते ही देखते घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी. मृतक की पहचान पटना जिले के अथमलगोला निवासी अनुरुद्ध राय के 15 वर्षीय पुत्र अनुराग कुमार के रूप में की गयी है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया किशोर

स्थानीय लोगों के अनुसार, अनुराग कुमार गंगा नदी में स्नान कर रहा था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. देखते ही देखते वह डूबने लगा. आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक लोग कुछ कर पाते, किशोर गहरे पानी में डूब गया.

 

घटना के बाद ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन किशोर का शव नहीं मिल सका. इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना बछवाड़ा थाना पुलिस और अंचलाधिकारी को दी.

 

एसडीआरएफ टीम ने चार घंटे बाद बरामद किया शव

सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने एसडीआरएफ टीम को घटना की जानकारी दी. इसके बाद एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और किशोर की तलाश शुरू कर दी. टीम ने नदी में काफी मशक्कत के बाद करीब चार घंटे के बाद किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला. शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

 

बहन से राखी बंधवाने विशनपुर आया था अनुराग

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मृतक किशोर की बहन की शादी विशनपुर पंचायत के एक वार्ड निवासी स्व. शिवजी राय के पुत्र अरविंद राय के साथ हुई थी. अनुराग विगत दिनों रक्षाबंधन पर्व को लेकर अपनी बहन से राखी बंधवाने विशनपुर आया था.

 

रक्षाबंधन के बाद उसी घर के गोतिया में एक वृद्ध की मौत हो गयी थी. इसके बाद परिवार के सभी लोग गंगा स्नान करने के लिए नदी किनारे गये थे. स्नान के दौरान पैर फिसल जाने से अनुराग गहरे पानी में चला गया और उसकी डूबने से मौत हो गयी.

 

पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेजा गया शव

बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया गया है. पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *