चापाकल पर पानी भरते समय गिरा तार, किशोरी समेत तीन लोग करंट से झुलसे
Samastipur,चापाकल पर पानी भरने के दौरान अचानक जर्जर एलटी विद्युत तार टूटकर गिर गया. इस दुर्घटना में चापाकल के पास मौजूद एक किशोरी, महिला और डेढ़ साल की बच्ची चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.चांदशहर पंचायत के वार्ड नंबर 9 स्थित दक्षिण टोला में शुक्रवार की दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दक्षिण टोला स्थित चापाकल पर स्थानीय महिलाएं पानी भरने गई थीं. इसी दौरान चापाकल के ऊपर से गुजर रहा बिजली का एलटी तार अचानक टूटकर सीधे महिलाओं पर गिर गया. करंट की चपेट में आने से सैमुल शेख की 14 वर्षीय पुत्री खुशबू खातून, अफसारा बीबी (30 वर्ष) और उनकी 1.5 वर्षीय पुत्री रिया खातून घायल हो गईं. करंट लगने से खुशबू खातून मौके पर ही बेहोश हो गई.
गंभीर हालत में किशोरी मालदा रेफर
घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में बेहोश खुशबू खातून को बरहरवा स्थित अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद किशोरी की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया. परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए मालदा ले गए हैं. वहीं घायल मां-बेटी (अफसारा बीबी और रिया खातून) का इलाज स्थानीय क्लिनिक में कराया गया.
बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में काफी समय से बिजली के तार बेहद जर्जर और खतरनाक स्थिति में हैं. ग्रामीणों ने बीते 25 अगस्त को बिजली विभाग को लिखित आवेदन देकर जर्जर तारों को दुरुस्त करने की मांग की थी, लेकिन विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया. पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते तारों को बदल दिया जाता तो यह हादसा न होता. ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द जर्जर तारों को बदलने की मांग की है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
