विभूतिपुर में बिजली तार की चपेट में आने से युवक की मौत:कृषि कार्य कर घर लौट रहे थे
समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के पतैलिया वार्ड संख्या 9 में एक 34 वर्षीय युवक की टूटे बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी उमेश पासवान के पुत्र ओम नारायण के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, ओम नारायण खेत में काम करने के बाद घर लौट रहा था। घर के पास रास्ते में घरेलू बिजली का एक तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था। ओम नारायण का पैर जैसे ही उस नंगे तार पर पड़ा, वह तेज करंट की चपेट में आ गया।
करंट लगने के बाद युवक छटपटाने लगा। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने जब तक बिजली आपूर्ति बंद कराने का प्रयास किया, तब तक ओम नारायण की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद मृतक के घर में मातम छा गया। ओम नारायण की मां उषा देवी और पत्नी पूनम देवी को गहरा सदमा लगा है। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चे, पुत्री सुप्रिया कुमारी और पुत्र चिराग कुमार, छोड़ गया है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
