झंडा फहराने के बहाने बुलाकर हत्या, सिर में मारी गोली:मुखिया के भांजे पर आरोप
पटना में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा फहराने के बहाने बुलाकर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। युवक के सिर में गोली मारी गई है।वारदात बाढ़ अनुमंडल के सालिमपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव की है। मृतक की पहचान खुसरूपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर निवासी 26 साल के वीरू कुमार के रूप में हुई है।परिजनों का आरोप है कि मझौली पंचायत के मुखिया जुल्मी यादव के भांजे सोनू कुमार ने वीरू की हत्या की है।
पुलिस के मुताबिक, वीरू और आरोपी सोनू दोस्त थे। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच पहले से ही पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरी वारदातबड़े भाई रामधारी यादव ने बताया, सोनू-वीरू में 2 साल से दोस्ती है। सोनू कुमार ने वीरू को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा फहराने के लिए बुलाया था। वीरू ने पहले थोड़ी देर में आने की बात कही।
इसके 10 मिनट बाद मुखिया के दो अन्य भांजे अजीत कुमार और प्रिंस कुमार, जो शाहपुर में ही रहते हैं, वो घर पहुंच गए और उसे अपने साथ लेकर चले गए।कुछ समय बाद परिजनों को ग्रामीणों ने फोन कर सूचना दी कि वीरू की गोली मारकर हत्या कर दी गई है और उसका शव सड़क पर पड़ा हुआ है।
सिर में मारी गोली- पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सालिमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।सालिमपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया, ‘मृतक और आरोपी दोस्त थे। दोनों के बीच पैसों के विवाद की बात भी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वीरू के सिर में गोली मारी गई है।
पुलिस हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। परिजनों के आरोप और पुलिस की प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। हत्या की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
