समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन की बोगी-इंजन में लगी आग:कूदकर यात्री भागे
सहरसा में एक ट्रेन में भीषण आग लग गई। जिले के सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर खड़ी समस्तीपुर-सहरसा डेमू ट्रेन (63344) के इंजन में सोमवार की अहले सुबह भीषण आग लगने से सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। यात्री ट्रेन की बोगी से कूदकर बाहर भागे
आग की लपट इतनी तेज थी कि देखते ही देखते आग ने अगली बोगी को अपने चपेट में ले लिया। इंजन सहित एक बोगी धू-धू कर जलकर खाक हो गया। घटना के कारणों की जांच शुरू हो गई है।राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। अगलगी की घटना के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया और यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
ट्रेन की बोगी से काफी देर तक धुंआ निकलता रहा।
समस्तीपुर-सहरसा डेमू सोमवार की अहले सुबह करीब 3:44 बजे सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर पहुंची थी। ट्रेन के रुकने के कुछ ही देर बाद इंजन से धुआं निकलने लगा। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य तकनीकी समस्या समझा, लेकिन कुछ ही मिनटों में धुआं आग की तेज लपटों में बदल गया। उस समय कई यात्री सो रहे थे।आग और धुएं की आहट से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और वे अपनी जान बचाने के लिए बोगी से बाहर भागे। आग की लपट देखकर अन्य बोगियों में सवार यात्री कूदकर भागने लगे।
2 घंटे में आग पर पाया गया काबू
सूचना पर दमकल गाड़ी लेकर अग्निशमन विभाग की टीम भी पहुंचकर आग बुझाने में जुट गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन कुछ देर बाद फिर से उस बोगी में आग सुलगने लगी। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।यात्री रितिक ने बताया कि, मैंने ट्रेन में आग लगने की सूचना रेलवे हेल्पलाइन को दी। रेलवे वाले मुझे ट्रेन में लगी आग का वीडियो मांगने लगे। मैंने वीडियो बनाकर उन्हें भेजा। वहीं यात्री जितेंद्र कुमार ने बताया कि, जिस बोगी में आग लगी है उसके ठीक बगल वाली बोगी में मैं बैठा था।
सिमरी बख्तियारपुर के स्टेशन मास्टर संजय कुमार सज्जन ने बताया कि 3 बजकर 22 मिनट पर उन्हें जानकारी मिली कि प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ी मेमू पैसेंजर ट्रेन मे आग लगी है। फौरन फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी गई। इसके बाद सहरसा मानसी रेलखंड पर करीब 3 घंटे तक कई ट्रेन का परिचालन बाधित रहा। मनिहारी जयनगर जानकी एक्सप्रेस, सहरसा समस्तीपुर पैसेंजर ट्रेन, सावन स्पेशल ट्रेन जो सरायगढ़ से देवघर जाती है और पूर्णिया से हटिया जाने वाली कोसी एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन बाधित रहा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
