Patna

साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार; लैपटॉप, एटीएम और मोबाइल बरामद

Patna Cybercrime: दानापुर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गोला रोड स्थित चंद्रशेखर नगर में छापेमारी कर आरोपी को दबोचा और उसके पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

शुक्रवार को एसडीपीओ अजीत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 30 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि गोला रोड स्थित चंद्रशेखर नगर के एक किराए के मकान से साइबर ठगी का धंधा संचालित किया जा रहा है. सूचना के आधार पर सिटी एसपी पश्चिमी के निर्देश पर थानाध्यक्ष पी.के. भारद्वाज के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी की. छापेमारी के दौरान प्रवीण कुमार को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपी नालंदा जिले के वैना थाना क्षेत्र के घमिनी बिगहा गांव का निवासी है.

 

लैपटॉप, मोबाइल और एटीएम कार्ड बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो बाहरी हार्ड डिस्क, 12 एटीएम कार्ड, विभिन्न बैंकों की पांच पासबुक और आठ चेकबुक समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं.

 

बैंक अधिकारी बनकर करता था ठगी

एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी लोगों को बैंक अधिकारी बनकर फोन करता था और एटीएम कार्ड बंद होने या केवाईसी अपडेट कराने का झांसा देकर गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करता था. इसके बाद खातों से रकम की ठगी की जाती थी.

 

कई राज्यों तक फैला है नेटवर्क

मामले में थाना कांड संख्या 831/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस के अनुसार साइबर ठगी का यह नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे गिरोह और उससे जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है.

 

न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. साथ ही उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और तकनीकी जांच जारी है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!