Begusarai

बेगूसराय में 15 करोड़ की जमीन पर कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग में पांच घायल

Begusarai News : जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र की कंकौल पंचायत अंतर्गत चंदवारा गांव बुधवार को उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब करीब 15 करोड़ रुपये मूल्य की 29 कट्ठे जमीन की घेराबंदी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. जमीन मालिक पक्ष का आरोप है कि बड़ी संख्या में हथियारबंद लोग जेसीबी, ट्रैक्टर और निर्माण सामग्री के साथ जबरन बाउंड्री निर्माण कराने पहुंचे. विरोध करने पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई. ग्रामीणों का दावा है कि घटना के दौरान करीब 100 राउंड गोलियां चलाई गईं.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

फायरिंग में पांच लोग घायल, चार को लगी गोली

गोलीबारी में जमीन मालिक के परिवार के पांच लोग घायल हो गए. इनमें चार लोगों को गोली लगी, जबकि एक व्यक्ति का सिर फट गया. सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

 

 

घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़

एसपी ने खुद संभाला मोर्चा, संदिग्ध घर की कराई घेराबंदी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनीष भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश आसपास के एक घर में छिपे हुए हैं. इस पर एसपी ने स्वयं पुलिस बल के साथ घर की घेराबंदी कर दी. ग्रामीणों ने भी घर को चारों ओर से घेर लिया. काफी देर बाद दरवाजा खुलवाया गया, लेकिन अंदर कोई नहीं मिला. फिलहाल पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

 

ग्रामीणों का पलटवार, एक दर्जन से अधिक बाइक की क्षतिग्रस्त

फायरिंग के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. भीड़ बढ़ती देख हमलावर कई मोटरसाइकिलें छोड़कर भाग निकले. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर भी चले. गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल पर छोड़ी गई एक दर्जन से अधिक मोटरसाइकिलों को क्षतिग्रस्त कर दिया. वहीं, भाग रहे दो संदिग्धों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी.घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर बिखरी पड़ी मोटरसाइकिलों को ट्रैक्टर और पिकअप वैन की मदद से जब्त कर थाना पहुंचाया. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और मामले की जांच में जुटी हुई है.

 

‘यह हमारी पुश्तैनी जमीन है’, जमीन मालिक ने लगाया कब्जे का आरोप

जमीन मालिक केबी यादव ने आरोप लगाया कि विवादित जमीन उनके पूर्वजों की है, लेकिन कुछ जमीन ब्रोकर और भूमाफिया उस पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं. उनका कहना है कि आरोपित लोग जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर पिलर गाड़ने लगे. विरोध करने और जमीन के कागजात दिखाने की बात कहने के बावजूद वे नहीं माने और जबरन बाउंड्री निर्माण शुरू कर दिया. केबी यादव ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर हथियारबंद लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी. उनके अनुसार करीब 100 लोग मोटरसाइकिलों से मौके पर पहुंचे थे और अधिकांश के हाथों में पिस्टल थी. उन्होंने राहतपुर निवासी मुरारी सिंह और बेगूसराय बाजार निवासी राजा मनोज साह पर जमीन पर अवैध कब्जा कराने का आरोप लगाया है.

 

गांव में मार्च करती पुलिस

पुलिस ने जांच शुरू की, दोषियों पर होगी कार्रवाई

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. फायरिंग, मारपीट, अवैध कब्जे के प्रयास और संपत्ति को हुए नुकसान सहित सभी पहलुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!