3 साल रेप,दो अबॉर्शन,तीसरी बार प्रेग्नेंट है नाबालिग:शादी का झांसा देकर बॉयफ्रेंड ने संबंध बनाए..
दरभंगा.शादी का झांसा देकर तीन साल तक रेप किया। 2 बार गर्भपात कराया। मेरे लिए 3 रिश्ते आए थे, तीनों तुड़वा दिए। कहता था कि तुमसे मैं ही शादी करूंगा। दूसरा कोई बीच में आया तो उसे गोली मार दूंगा। अब वो मुझसे शादी नहीं करना चाहता है। अपने लिए दूसरी लड़की देख रहा है। अभी मैं 3 महीने की प्रेंग्नेंट हूं।’
ये बातें पीड़ित नाबालिग (17) ने कही हैं। शादी से मुकरने के बाद उसने बॉयफ्रेंड संतोष कुमार शर्मा (33) पर जून में एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन अभी तक पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। युवक फरार है।
आरोपी के घर काम करने जाती थी पीड़िता
पीड़िता कहती है, मेरा और आरोपी का घर आमने-सामने है। दोनों घर के बीच मात्र 15 फीट की दूरी है। मेरे परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसलिए मैं संतोष के यहां घरेलू काम करने जाती थी। इस बीच हमारी नजदीकियां बढ़ गईं।हम दोनों का रोज मिलना होता था। 2023 में मैंने मैट्रिक पास किया था। संतोष से इतनी करीबी बढ़ गई थी कि एग्जाम सेंटर ले जाना और वहां से लाना वो ही करता था।
मैं 3 महीने की प्रेग्नेंट, वो शादी नहीं करना चाहता
पीड़िता के अनुसार, हमारे अफेयर के बारे न मेरी फैमिली और न संतोष के परिवार को जानकारी थी। हमलोग एक-दूसरे से मिलते रहे। इस बीच शारीरिक संबंध भी बने। मैं 2 बार 2024 और 2025 में प्रेग्नेंट हुई। दोनों बार संतोष ने मेरा गर्भपात करा दिया।अब मैं फिर से 3 महीने की प्रेंग्नेंट हूं, वो फिर से गर्भपात कराना चाहता था। मैंने कहा कि चलो शादी कर लेते है, पर उसने शादी से मना कर दिया। कहने लगा कि जो करना है, कर लो पर मैं तुमसे शादी नहीं करूंगा।
FIR के 2 महीने बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की
पीड़िता के आवेदन के अनुसार 12 मई को महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराने गई थी, पर केस दर्ज नहीं किया गया, फिर गांव में पंचायत बुलाई गई।2.50 लाख में समझौता का दबाव बनाया गया, पर मेरे पैरेंट्स ने मना कर दिया। जिसके बाद 1 जून को फिर से थाने गई, तब एफआईआर हुई।
पीड़िता जब पहली बार दो साल पहले गर्भवती हुई तो उसने किसी तरह ये बात अपने परिवार से छिपा ली थी, पर जब पिछले साल प्रेग्नेंट हुई तो उसकी तबीयत थोड़ी खराब हुई। जिसके बाद घरवालों को पता चला कि वो गर्भवती है।पीड़िता ने अपने परिवार को बताया कि संतोष उससे शादी करना चाहता है। उसने शादी का वादा किया है। जिसके बाद परिवार वाले न चाहते हुए भी बेटी के लिए रिश्ते को अपनाने के लिए तैयार हुए, पर लड़के वाले रेडी नहीं हुए।
पीड़िता की मां ने कहा, ‘संतोष मेरी बेटी को अपने कंट्रोल में रखता था। कहीं आने-जाने पर भी उसने रोक लगा दी थी। 2026 में संतोष की शादी दूसरी जगह तय होने लगी। जिसके बाद हमने संतोष के परिवार को अफेयर के बारे में बताया।पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि लड़के की मां ने शादी से इनकार कर दिया। जब मेरी बेटी ने केस किया तो आरोपी संतोष कहता है कि तुम लोगों से कुछ नहीं होगा।’
‘पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही’
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि ‘पुलिस ने आरोपी, उसके पिता और एक दोस्त से बात की पर कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने रिश्वत ली है। जब हमलोग पुलिस के पास जाते हैं तो जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया जाता है.अब तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई है। मेरी मांग है कि पुलिस जांच करे और जल्द गिरफ्तारी हो।’
‘एसएसपी से भी शिकायत की, पर फायदा नहीं’
पीड़िता के पिता कहते हैं, ‘थाना-अधिकारियों के ऑफिस के कई बार चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई है। मामले में पॉक्सो (POCSO) एक्ट जैसी गंभीर धाराएं लगी हैं, इसके बावजूद पुलिस केवल कार्रवाई का आश्वासन दे रही है।एसएसपी से भी मिला था। पूरे मामले की उन्हें जानकारी दी थी। मुझे जानकारी मिली है कि आरोपी पक्ष ने अदालत में जमानत याचिका दाखिल कर दी है। यदि आरोपी को जमानत मिल जाती है तो बेटी को न्याय मिलने की उम्मीद और कम हो जाएगी। ‘
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी हो रही
महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी ने बताया कि पुलिस कार्रवाई कर रही है। मामला पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत दर्ज है। कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।सभी आरोपी फिलहाल अपने घरों से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों (सीडीआर-अन्य डिजिटल इनपुट) के आधार पर लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही गिरफ्तारी होगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
