छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ सड़क पर उतरे वकील:बेगूसराय में DM को सौंपा ज्ञापन
बेगूसराय.NEET परीक्षा में हुई कथित धांधली, बार-बार पेपर लीक की घटनाओं और इसके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में अब बेगूसराय में आंदोलन तेज हो चुका है। वकीलों ने भी अब छात्रों के समर्थन में मोर्चा खोल दिया है। आज बेगूसराय में वकीलों ने प्रदर्शन कर DM को ज्ञापन सौंपा और जमकर नारेबाजी की।
छात्रों पर दमन और बर्बरता का आरोप
प्रदर्शन कर रहे दीपक सिन्हा, विजयकांत झा और वीरेंद्र साहु आदि ने कहा कि NEET परीक्षा में हुई धांधली के खिलाफ छात्र पूरी तरह से वाजिब और शांतिपूर्ण मांग उठा रहे थे। लेकिन सरकार और पुलिस प्रशासन ने संवेदनहीनता दिखाते हुए छात्रों के आंदोलन को बर्बरता से कुचलने का काम किया।
प्रतिरोध मार्च में शामिल वकील
जो छात्र आंदोलन कर रहे थे, वे हमारे और आपके ही बच्चे थे। उनके प्रदर्शन पर जिस तरह से पुलिस ने लाठीचार्ज किया, कील-कांटे लगी लाठियों से निशाना बनाकर हमला किया गया, वह निंदनीय है। छात्राओं के साथ अश्लील और अभद्र व्यवहार किया गया। जंतर-मंतर से लेकर पटना तक छात्रों के जुलूस और शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को पुलिस के दमन चक्र से दबाया जा रहा है।
वकील ने उठाईं मुख्य मांगे
धांधली और मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या या जान गंवाने वाले 20 से अधिक छात्रों के परिजनों को तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर दर्ज किए गए सभी आपराधिक मुकदमों और FIR को तुरंत वापस लिया जाए। लाठीचार्ज में घायल हुए सभी छात्र-छात्राओं का सरकार अपने खर्च पर समुचित इलाज करवाए।
पेपर लीक पर लगे स्थायी रोक
प्रदर्शन कर रहे वकीलों का कहना था कि NEET समेत देश की अन्य राष्ट्रीय परीक्षाओं में हो रहे पेपर लीक के सिलसिले को तुरंत और कड़ाई से रोका जाए। पेपर लीक और पूरे घटनाक्रम की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें।
यह किसी दल नहीं, देश का आंदोलन है
वकीलों का कहना है कि यह मुद्दा अब किसी एक राजनीतिक दल, संगठन या वर्ग का नहीं रहा। यह देश के करोड़ों युवाओं और उनके भविष्य का सवाल है। चाहे कोई भी दल सत्ता में हो या विपक्ष में, इस मामले पर देश का हर नागरिक और छात्र एकजुट हैं। जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक वे कानूनी और सामाजिक तौर पर छात्रों के साथ खड़े रहेंगे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
