समस्तीपुर रेलवे मंडल के एपीओ गिरफ्तार:ऑफिस में CBI की रेड, 50 हजार घूस लेते पकड़ा;पिस्टल बरामद
समस्तीपुर रेलवे मंडल के सहायक कार्मिक अधिकारी(एपीओ) अरुण कुमार मंडल को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब दस घंटे की लंबी पूछताछ के बाद देर रात उन्हें अपने साथ पटना ले गई। इस दौरान सीबीआई की टीम उनके कार्यालय से इंजीनियरिंग विभाग से जुड़ी कई संचिका को अपने कब्जे में लिया है। इसी साल दिसंबर महीने में रिटायर होने वाले अरुण मंडल पर कार्मिक विभाग के रेलवे कर्मी ने ही भ्रष्टाचार का अरोप लगाया था।
सीबीआई की टीम कार्यालय के बाद सरकारी बंगले पर पहुंची। बेडरूम के अलमारी से एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन और 9 गोली बरामद की गई। जिसके बाद नगर थाने की टीम बुलाकर बरामद हथियार को सौंप दिया गया। साथ ही इस मामले में सीबीआई के पीआई सुनील कुमार सिंह कुशवाहा ने लिखित आवेदन दिया है। इस आधार पर नगर थाने की पुलिस ने धारा 25बी आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
45 दिन पहले शिकायत मिली थी
रेलवे सूत्रों ने बताया कि एपीओ अरुण कुमार मंडल रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के कर्मियों की संचिका देखते थे। इनके जिम्मे कर्मियों की ट्रांसफर्मर-पोस्टिंग के बाद लेटर जारी करने की जिम्मेवारी थी। हाल के दिनों में इंजीनियरिंग विभाग के कई कर्मियों को ट्रांसफर निजी आवेदन पर किया जाना था। उन कर्मियों से वरीय लिपिक अमृत राज के माध्यम से पैसे की मांग करते थे। जिसको लेकर अमृत राज ने करीब 45 दिन पूर्व सीबीआई में शिकायत की थी।
50 हजार की घूस लेते पकड़ा
सीबीआई थाने में प्राथमिकी के बाद गुरुवार को छह सदस्यीय टीम ने अरुण मंडल के कार्यालय में रेड किया। जहां 50 हजार रुपए घूस लेते सीबीआई की टीम ने गिरफ्तार किया। जिसके बाद रेलवे के अधिकारिक क्लब में करीब दस घंटे तक पूछताछ की गई।
एपीओ- मुझे फंसाया गया है
सीबीआई की टीम जब एपीओ को अपने साथ पटना ले जा रही थी तो बाहर निकलने के दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें फंसाया गया है। हालांकि उन्हें मीडिया से ज्यादा बातचीत नहीं करने दिया गया।सीबीआई के पीआई सुनील कुमार सिंह कुशवाहा ने नगर थाने में एक आवेदन दिया है। जिसमें लिखा है, ‘भ्रष्टाचार के मामले को लेकर अरुण कुमार मंडल के सरकारी आवास की तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान एपीओ के बेडरूम के अलमारी की तलाशी ली गई। जहां से हथियार मिले।’
वहीं, इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने कहा कि हथियार बरामदगी मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। इस केस में अलग से एपीओ को रिमांड पर लिया जाएगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
