घंटों लेट चल रही रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस, लंबी दूरी की अन्य ट्रेनें व मेमू -डेमू भी लेट
समस्तीपुर.स्पेशल ट्रेन से नियमित एक्सप्रेस का दर्जा मिलने के बाद भी 17433/17434 रक्सौल–तिरुपति–रक्सौ ल एक्सप्रेस की समयपालन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं दिख रहा है। नियमित परिचालन शुरू हुए करीब एक माह बीत चुका है, लेकिन ट्रेन अब तक एक भी दिन निर्धारित समय पर नहीं चल सकी है। लगातार हो रही देरी से यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि इस ट्रेन और इसके यात्रियों की परेशानियों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस से बिहार और दक्षिण भारत के बीच बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। ट्रेन के लगातार विलंब से यात्रियों को स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ता है।
इससे आगे की ट्रेनों के कनेक्शन छूट जाते हैं, जबकि कई यात्रियों की अस्पताल, नौकरी, परीक्षा और अन्य जरूरी कामों की योजनाएं भी प्रभावित होती हैं। यात्रियों का कहना है कि नियमित ट्रेन घोषित होने के बाद समयपालन में सुधार की उम्मीद थी, लेकिन स्थिति पहले जैसी ही बनी हुई है। केवल रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस ही नहीं, बल्कि समस्तीपुर रेल मंडल से सहरसा, खगड़िया, दरभंगा और बरौनी की ओर आने-जाने वाली कई एक्सप्रेस, डेमू और मेमू ट्रेनों का परिचालन भी अक्सर घंटों विलंब से होता है। दैनिक यात्रियों को इससे सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, छात्र और व्यवसायी समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
बुधवार व गुरुवार को भी कई महत्वपूर्ण ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देर से चलीं। 20503 राजधानी एक्सप्रेस करीब दो घंटे, 15909 अवध असम एक्सप्रेस तीन घंटे, 12203 अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस एक घंटे तथा 15529 आनंद विहार टर्मिनल–जनसाधारण एक्सप्रेस लगभग छह घंटे विलंब से चली। इससे विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति और समय की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों और मोबाइल ऐप से प्राप्त करने की अपील की है। वहीं यात्रियों का कहना है कि केवल सूचना देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। नियमित ट्रेनों का समय पर परिचालन सुनिश्चित करना रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी है, ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिल सके।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
