उजियारपुर के सातनपुर चौक पर जलजमाव से लोग परेशान:कारोबार प्रभावित
दलसिंहसराय।उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय को नेशनल हाईवे-122 से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर सातनपुर चौक के पास जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है। सातनपुर-उजियारपुर मार्ग पर करीब 500 मीटर तक 8 से 10 इंच बारिश का पानी कई दिनों से जमा है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों, छात्रों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यवसायी मोहम्मद सितारे अहमद ने बताया कि यह सड़क प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। हर दिन सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं। सड़क पर पानी जमा रहने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। पैदल चलने वालों को भी काफी दिक्कत होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी सड़क से रोजाना अंचलाधिकारी (सीओ), प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), थानाध्यक्ष समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन गुजरते हैं। विधायक और सांसद भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। इसके बावजूद वर्षों से बनी इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।जलजमाव का सबसे अधिक असर सड़क किनारे स्थित 50 से अधिक दुकानों पर पड़ा है। दुकानदारों का कहना है कि दुकान के सामने पानी भरा रहने से ग्राहक कम आ रहे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। कई छोटे दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति बन गई है।
व्यवसायी भोला महतो ने बताया कि बरसात में सड़क पर बने गड्ढे पानी में छिप जाते हैं, जिससे आए दिन बाइक सवार गिरकर घायल हो जाते हैं। ग्रामीणों और दुकानदारों ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
लोगों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सातनपुर चौक के पास स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था करने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि पहले यह पता किया जाएगा कि सड़क किस विभाग के अधीन है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्य सीधे प्रखंड कार्यालय के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
