समस्तीपुर:रोसड़ा में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत,चालक फरार
समस्तीपुर।रोसड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत दामोदरपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई.युवक की पहचान रोसड़ा के ढाब मोहल्ला निवासी मोनू ठाकुर (35) के रूप में की गई है.अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया,जबकि दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.घटना के बाद पूरे इलाके में शोक व् मातम का माहौल व्याप्त है.जानकारी के अनुसार, युवक दामोदरपुर मुख्य मार्ग से गुजर रहा था.इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा.
गंभीर चोटों के कारण अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े व तत्काल सहायता का प्रयास किया,लेकिन तब तक युवक की सांसें थम चुकी थीं.घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची व शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की.इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया.इस हृदयविदारक हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया.परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है,वहीं पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है व मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन व उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.साथ ही विभिन्न संभावित मार्गों पर भी जांच तेज कर दी गई है.पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपी चालक को चिन्हित कर कानून के दायरे में लाया जाएगा.स्थानीय लोगों ने दामोदरपुर मुख्य मार्ग पर लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती व सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय करने की मांग की है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
