6 महीने की गर्भवती पत्नी को बाल्टी में डुबोकर मारा:2 महीने पहले खरीदा था ₹15 लाख का मकान
मुजफ्फरपुर की रहने वाली महिला की हरियाणा के फरीदाबाद में हत्या कर दी गई है। मर्डर का आरोप महिला के पति पर है। पति ने अपनी 6 महीने की गर्भवती पत्नी की बाल्टी में डुबोकर हत्या कर दी। पहले पत्नी के साथ मारपीट भी की।घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने चाचा को कॉल किया। इसमें उसने कहा-
सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान नेहा कुमारी (23) के रुप में हुई है। ये मुजफ्फरपुर की रहने वाली है। अपने पति अमित गुप्ता के साथ फरीदाबाद के पंचशील कॉलोनी पार्ट-2, पल्ला थाना क्षेत्र में रहती थी।
एक साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, दोनों की शादी 30 अप्रैल 2025 को हुई थी। दोनों ने एक महीने पहले ही पंचशील कॉलोनी में 15 लाख में खरीदे अपने नए मकान में गृह प्रवेश किया था। नेहा मूल रूप से मुजफ्फरपुर थी, जबकि उसका पति अमित उत्तर प्रदेश के हरदोई का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक, अमित और नेहा ने करीब दो महीने पहले ही पंचशील कॉलोनी में 15 लाख रुपए में मकान खरीदा था। एक महीने पहले ही यहां गृह प्रवेश कर दोनों रहने आए थे। इससे पहले दोनों बदरपुर बॉर्डर के पास दिल्ली क्षेत्र में किराए पर रहते थे।अमित ग्राफिक्स डिजाइनर है, जो दिल्ली के लाजपत नगर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। इस मकान में दोनों ही रहते थे।
काम पर नहीं जा रहा था पति, इसी को लेकर बहस हुई
मृतका के जीजा दिलीप कुमार ने बताया कि गुरुवार की सुबह नेहा अपने पति को नियमित रूप से काम पर जाने के लिए कह रही थी, लेकिन वह पांच दिन से काम पर नहीं जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अमित ने गुस्से में आकर नेहा के साथ मारपीट शुरू कर दी।आरोप है कि उसने पहले चुन्नी से नेहा का गला दबाने का प्रयास किया और बाद में पानी से भरी बाल्टी में उसका सिर कई बार डुबोया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या करने के बाद अपने चाचा को किया फोन
वारदात को अंजाम देने के बाद अमित ने बदरपुर बॉर्डर के पास अलीपुर गांव में रहने वाले अपने चाचा को फोन किया। फोन पर उसने कहा कि मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है, अब आगे जो करना है, वो देख लो। इसके बाद आरोपी घर से फरार हो गया। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।घटना की सूचना मिलते ही पल्ला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। मौके पर क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से सबूत जुटाए। एसीपी सराय भी मौके पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया।
नेहा के चरित्र पर शक भी करता था अमित
मृतका के जीजा दिलीप ने बताया कि सुबह से नेहा को कई बार फोन किया था, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। कुछ समय बाद उन्हें हत्या की सूचना मिली। जब वे घर पहुंचे, तो नेहा मृत अवस्था में मिली। उन्होंने यह भी बताया कि नेहा पर उसका पति अमित शक भी किया करता था, इसलिए उसे घर में ही रहने के लिए कहता था, कहीं बाहर आने जाने पर मना करता था।इसी वजह से नेहा ज्यादातर घर में ही रहती थी। आस पड़ोस के लोगों ने भी उसे कम ही बाहर देखा था। नेहा गर्भवती थी और आने वाले बच्चे को लेकर काफी खुश थी, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
आरोपी की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी
पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मृतका के परिजनों की ओर से मिली थी। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका सामने आई है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है। साथ ही फरार आरोपी पति की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
