डीएमसीएच परिसर में बीएससी नर्सिंग छात्र का हाई वोल्टेज ड्रामा, मोबाइल टावर पर चढ़कर किया प्रदर्शन
दरभंगा। दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) परिसर में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब बीएससी नर्सिंग के एक छात्र ने मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्र कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर कई घंटे तक टावर पर डटा रहा। सूचना मिलने के बाद बेता थाना की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद छात्र को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
छात्र की पहचान बीएससी नर्सिंग 2022-26 बैच के मोतिहारी निवासी धनन्जय कुमार के रूप में की गई है। बताया गया कि छात्र ने मोबाइल टावर पर चढ़ने के बाद कॉलेज प्रशासन के खिलाफ कई आरोप लगाए। वह टावर से ही लगातार अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहा था।
परीक्षा में पैसे लेने समेत लगाए कई आरोप
छात्र धनन्जय कुमार ने कॉलेज की प्राचार्या भावना भारती पर गंभीर आरोप लगाए। छात्र का आरोप था कि परीक्षा के नाम पर उससे 12 हजार रुपये की मांग की गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन के रवैये से उसका करियर प्रभावित हो रहा है और उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।
छात्र ने मोबाइल टावर से ही प्राचार्या के निलंबन और परीक्षा में अंक बढ़ाने की मांग की। इस दौरान वह कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करता रहा। उसकी मांगों को लेकर मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने काफी देर तक बातचीत की।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
छात्र के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही डीएमसीएच परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को नियंत्रित किया। बेता थाना की पुलिस टीम के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्र को समझाकर सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाया।
काफी प्रयास के बाद छात्र टावर से नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उससे बातचीत कर मामले की जानकारी ली।
अस्पताल परिसर में मची रही अफरातफरी
घटना के दौरान डीएमसीएच परिसर में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा। मरीजों और उनके परिजनों के बीच भी घटना को लेकर चर्चा होती रही। हालांकि, छात्र के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
वहीं, छात्र की ओर से लगाए गए आरोपों पर कॉलेज प्रशासन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
