समस्तीपुर:प्रेम संबंध के आरोप में नाबालिग चचेरे भाई-बहन को मिली सजा,सिर मुंडवाकर लगाया चूना-कालिख
समस्तीपुर: जिले के पूसा थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग चचेरे भाई-बहन के कथित प्रेम संबंध को लेकर पंचायत द्वारा अमानवीय सजा दिए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि दोनों की पहले जमकर पिटाई की गई, फिर उनका सिर मुंडवाकर सिर पर चूना-कालिख लगाया गया और गांव छोड़ने का फरमान सुना दिया गया. घटना के बाद दोनों घायल अवस्था में मंगलवार को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वहां से चले गए. दोनों की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार दोनों एक ही परिवार के चचेरे भाई-बहन हैं और बचपन से साथ रहते आए हैं.
बताया जाता है कि करीब आठ माह पहले दोनों घर छोड़कर रांची चले गए थे और वहीं शादी कर ली थी. हाल ही में 22 जून को परिजनों के समझाने पर दोनों गांव लौटे थे. मंगलवार को गांव में इस मामले को लेकर पंचायत बुलाई गई. पंचायत में दोनों से उनकी इच्छा पूछी गई, लेकिन दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने की बात दोहराई. इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने कथित तौर पर दोनों की पिटाई कर दी. आरोप है कि इसके बाद उनका सिर मुंडवाकर चूना लगाया गया और गांव से बाहर निकाल दिया गया.
पीड़िता ने अस्पताल में बताया कि उसने अपने चचेरे भाई के साथ रहने की बात कही थी, जिसके बाद परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और अपमानित कर गांव से निकाल दिया. पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस पदाधिकारी को गांव भेजा गया है. मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है. शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
