पत्नी की हत्या कर परिवार के साथ पति फरार: आत्मसमर्पण न करने पर घर पर चलेगा बुलडोजर, पुलिस ने चिपकाए इश्तेहार
वैशाली के बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव में 16 अप्रैल 2026 को नवविवाहिता मोना कुमारी की हत्या कर शव गायब कर दिया गया था। इस मामले में पति, सास और ससुर समेत सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस ने अब इन आरोपियों के खिलाफ इश्तेहार चिपकाए हैं।यह कार्रवाई न्यायालय से आदेश प्राप्त होने के बाद बिदुपुर थाना पुलिस द्वारा की गई है। पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ आरोपियों को जल्द से जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करने या गिरफ्तारी देने की हिदायत दी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जा सकता है।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के कारण उनमें असंतोष बढ़ रहा है। परिजनों के अनुसार, ससुराल वालों ने विवाहिता की हत्या कर शव को रात के अंधेरे में गंगा नदी में प्रवाहित कर दिया था। इसके साथ ही, डेढ़ साल की बच्ची भी लापता बताई जा रही है।
बिदुपुर थाना अध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि विवाहिता की हत्या और शव गायब करने के संबंध में थाना में कांड संख्या 186/26 दर्ज किया गया था। पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी, लेकिन वे फरार चल रहे थे।
आत्मसमर्पण नहीं करने पर होगी कुर्की-जब्ती
न्यायालय से आदेश मिलने के बाद इश्तेहार की कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि यदि आरोपी न्यायालय में आत्मसमर्पण या गिरफ्तारी नहीं देते हैं, तो उनके घरों की कुर्की-जब्ती की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
