समस्तीपुर:पड़ोसी पर मर्डर का आरोप:दो महीने पहले हुई थी शादी
समस्तीपुर के रोसड़ा थाना क्षेत्र के भिरहा गांव में एक 32 साल के युवक की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि वो अपने भांजे को डांटने के दौरान हुए विवाद में पड़ोसी की ओर से दिए गए धक्के से युवक जमीन पर गिर गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान भिरहा गांव के वार्ड संख्या-13 निवासी रामबली दास के बेटे गोविंद दास के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, गोविंद दास की शादी मात्र दो महीने पहले ही हुई थी।
गलतफहमी को लेकर हुआ विवाद
मृतक के जीजा ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि गोविंद दास का भांजा पिछले कुछ दिनों से अपने ननिहाल में रह रहा था। घटना के दिन बच्चा खेलते-खेलते पड़ोस के एक घर में चला गया था।काम से लौटने के बाद गोविंद दास अपने भांजे को खोजने लगे। काफी तलाश के बाद जब उन्हें भांजा पड़ोसी के घर में मिला, तो वह उसे डांटने लगे। इसी दौरान पड़ोसी को यह गलतफहमी हो गई कि गोविंद उसे या उसके परिवार को डांट रहा है, जिसके बाद यह विवाद हुआ।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि पड़ोसी ने गुस्से में आकर गोविंद दास को धक्का दे दिया।
ढाई लाख रुपये का कर्ज था
मृतक के जीजा ने बताया कि गोविंद दास के ऊपर लगभग ढाई लाख रुपये का कर्ज था। उसकी अचानक मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। परिजनों को चिंता सता रही है कि अब इस कर्ज का भुगतान कैसे होगा।रोसड़ा थानाध्यक्ष लाल बाबू कुमार ने बताया कि भिरहा गांव में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
