ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक ने फैजल पर भाई की हत्या कराने का आरोप लगाया
पटना.जेल से निकलने के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद ने कहा कि फैजल खान की ओर से केस दर्ज होने के बाद मुझे और दो स्टाफ को गिरफ्तार करने में पुलिस ने इतनी जल्दी क्यों की। मुझ पर आरोप था कि मेरे इशारे पर घटना हुई। उस दिन मैं मौके पर नहीं था। मुझसे ज्यादा गंभीर आरोप फैजल खान पर था। फैजल पर दर्ज केस में लिखा है कि उनके कहने पर ही दोनों बॉडीगार्ड ने गोली चलाई। फैजल ने इसे छिपा लिया कि बॉडीगार्ड ने गोली चलाई है।
जब वीडियो सामने आया तो पूरी हकीकत पता चली। दोनों बॉडीगार्ड और फैजल पर केस दर्ज हुआ, पर उनको गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। रोशन ने कहा कि साजिश के तहत फैजल खान ने मुझे जेल भिजवाया। खान और कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद ने नेपाल में मेरे भाई की हत्या करवाई। इसकी निष्पक्ष जांच हो। मैं साजिश का पर्दाफाश करके रहूंगा। उधर, रोशन के जेल से बाहर निकलने के बाद मुसल्लहपुर स्थित कोचिंग के पास पुलिस बल तैनात किया गया है।
नेपाल पुलिस की हिरासत में प्रिंस के पांच दोस्त
रोशन के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध मौत के मामले में वहां की पुलिस ने पांच दोस्तों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार, नेपाल पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली गई है। पटना पुलिस प्रिंस के दोस्तों को यहां लाएगी। सूत्रों के अनुसार, नेपाल पुलिस ने होटल की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है। प्रिंस के सामान, मोबाइल और कमरे में मिली दवाइयों को भी जब्त किया है। अगर वह दवा खाने से सोया था तो उसकी आंख के ऊपर चोट के निशान कैसे आ गए। इधर, बड़े पापा मनोज यादव ने पटना में बताया कि रोशन के माता-पिता सदमे में आईसीयू में हैं।
मकान मालिक से पूछताछ
मुसल्लहपुर स्थित खान ग्लोबल स्टडीज के मकान मालिक से पुलिस ने सोमवार को पूछताछ की। मारपीट व गार्ड द्वारा फायरिंग करने के संबंध में बयान लिया। वहीं, मैनेजर कन्हैया प्रसाद सिंह, अमित पांडेय और अजीत कुमार नोटिस के बाद भी पुलिस के समक्ष हाजिर नहीं हुए। दूसरी तरफ, खान ने जारी एक वीडियो में एक न्यूज क्लिप दिखाया, जिसमें प्रिंस के दोस्त यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि प्रिंस का पहले से दवा चल रहा था। उसको दो बार अटैक आ चुका है। इधर, आरएस प्रसाद से पक्ष जानने के लिए कई बार फोन किया गया। व्हाट्सऐप पर मैसेज भेजा गया, पर कोई जवाब नहीं दिया।
मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग का मामला पहुंच गया नेपाल
मुसल्लहपुर में मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग का विवाद नेपाल तक पहुंच गया। रोशन आनंद ने फैजल खान पर अपने भाई की हत्या कराने का आरोप लगाया है। रोशन का सवाल है कि क्या रसूखदार कनेक्शनों के कारण फैजल को ‘सेफ पैसेज’ दिया जा रहा है? वकील और रोशन दोनों अब इस पूरे नेक्सस की जांच सीबीआई से इसलिए कराने की मांग कर रहे हैं कि प्रिंस की हत्या नेपाल में हुई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
