सीतामढ़ी से तिरुपति के लिए पहली नियमित ट्रेन शुरू, यात्रियों में खुशी का माहौल
सीतामढ़ी. मिथिलांचल के श्रद्धालुओं के लिए राहत वाली खबर है. गुरुवार को सीतामढ़ी जंक्शन से आंध्र प्रदेश के तिरुपति के लिए पहली नियमित ट्रेन संख्या 17433/34 की सेवा शुरू हुई. माता सीता की प्राकट्य स्थली से भगवान वेंकटेश्वर की नगरी के लिए सीधी ट्रेन मिलने से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है. कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स और केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ, सीतामढ़ी के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुंदरका और कैट सचिव आलोक कुमार ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव व सांसद देवेश चंद्र ठाकुर का आभार जताया. उन्होंने कहा कि अब मिथिलांचल के यात्रियों को दक्षिण भारत की यात्रा आसान और सुविधाजनक होगी. जिलाध्यक्ष सुंदरका की अध्यक्षता में रक्सौल से सीतामढ़ी पहुंची ट्रेन के लोको पायलट नवीन कुमार और एएलपी चंदन सिंह को फूल-माला व माता सीता की झांकी देकर सम्मानित किया गया.
पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक, डीआरएम समस्तीपुर सहित रेल अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया गया. ट्रेन संख्या 17434 हर गुरुवार रक्सौल से सुबह 3:15 बजे खुलकर सीतामढ़ी 4:42 बजे आएगी और 4:47 बजे तिरुपति के लिए रवाना होगी. यह 2716 किमी का सफर तय कर शनिवार सुबह 9:30 बजे तिरुपति पहुंचेगी. वापसी में 17433 सोमवार सुबह 8:15 बजे तिरुपति से खुलकर बुधवार दोपहर 2:55 बजे सीतामढ़ी आएगी।