Love Story:फरार प्रेमी युगल को गांव बुलाकर कराया विवाह,दिया आशीर्वाद
पटना.गया।कोंच.स्थानीय थाना क्षेत्र के निमनाही सूर्य मंदिर परिसर में शनिवार को एक अनोखा विवाह संपन्न हुआ, जो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पिछले एक सप्ताह से घर से फरार चल रहे एक प्रेमी जोड़े को उनके परिजनों ने आपसी समझौते के बाद वापस गांव बुलाया और दोनों परिवारों की रजामंदी से विधि-विधान के साथ उनकी शादी करा दी। जैसे ही मंदिर में प्रेमी जोड़े की शादी होने की भनक आसपास के ग्रामीणों को लगी, इस अनोखे ब्याह को देखने के लिए भारी संख्या में लोग मंदिर परिसर में इकट्ठा हो गए।
जानकारी के अनुसार, कोंच थाना क्षेत्र के कर्मा गांव निवासी सतीश यादव की पुत्री काजल कुमारी और सिंघड़ा मठिया गांव निवासी अरविंद यादव (उर्फ ब्रह्म यादव) के पुत्र कुंदन कुमार के बीच पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन सामाजिक बंधनों के डर से लगभग एक सप्ताह पूर्व दोनों अचानक घर से फरार होकर किसी दूसरी जगह चले गए थे।
परिजनों की सूझबूझ से बनी बात
बच्चों के फरार होने के बाद दोनों पक्षों के परिजनों ने लोक-लाज और विवाद से बचने के लिए सूझबूझ का परिचय दिया। दोनों परिवारों के प्रबुद्ध लोगों ने आपस में बैठकर बातचीत की और एक समझौता तैयार किया। इसके बाद लड़का और लड़की से संपर्क कर उन्हें वापस गांव बुलाया गया। शनिवार को दोनों पक्षों की मौजूदगी में निमनाही सूर्य मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई और सात फेरे लेकर हमेशा के लिए एक-दूजे के हो गए। इस सुखद अंत से जहां दोनों परिवारों ने राहत की सांस ली है, वहीं क्षेत्र के लोग परिजनों के इस फैसले की सराहना कर रहे हैं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
