दलसिंहसराय में मकई के खेत में मिला मजदूर का शव, हत्या की आशंका, 3 दिनों से था लापता
दलसिंहसराय,थाना क्षेत्र के कमराव वार्ड-7 में रविवार को एक मकई के खेत से 42 वर्षीय मजदूर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कमराव वार्ड-7 निवासी मो. जबार के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मकई काटने के दौरान मिला शव:
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह खेत में मकई काट रहे मजदूरों ने मृतक के घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में शव पड़ा देखा। शोर मचाने पर ग्रामीण जुटे और कपड़ों से शव की पहचान मो. जबार के रूप में हुई। घटना की सूचना तुरंत दलसिंहसराय थाना पुलिस को दी गई।परिजनों ने बताया कि मो. जबार मजदूरी का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी अमीना खातून, 4 बेटियां और एक बेटा है। 21 मई की शाम वह एक दवा दुकानदार से काम का पैसा लेने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। परिजन रातभर उनकी तलाश करते रहे।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल:
शव मिलने की खबर सुनते ही पत्नी अमीना खातून और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस जांच में जुटी:
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया में जुट गई.पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
