नेपाली युवती ने लगाया धर्म परिवर्तन और प्रताड़ना का आरोप,राज बनकर किया प्यार, निकला हसरे आलम
पटना.रक्सौल . नेपाल की एक हिंदू युवती को नाम बदलकर प्रेम जाल में फंसाने, शादी करने और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला प्रकाश में आया है. पीड़िता फिलहाल रक्सौल स्थित स्वच्छ रक्सौल द्वारा संचालित आश्रय स्थल में शरण लिए हुए है और पुलिस से न्याय की गुहार लगा रही है.
नेपाल के विराटनगर स्थित कटहरि निवासी स्वर्गीय सदानंद पासवान की 22 वर्षीय पुत्री संगीता पासवान ने बताया कि वर्ष 2022 में रक्सौल में एक वीडियो शूटिंग के दौरान उसकी मुलाकात आदापुर प्रखंड के हरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कचूरबारी गांव निवासी हसरे आलम से हुई थी. युवती के अनुसार आरोपी ने अपना नाम “राज” बताकर उससे दोस्ती की और वीडियो शूटिंग की दुनिया में स्टार बनाने का सपना दिखाकर धीरे-धीरे उसके करीब आ गया.
संगीता ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध होने के बाद नेपाल के बीरगंज स्थित एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई. शादी के कुछ समय बाद जब वह गर्भवती हुई, तब उसे पता चला कि राज नाम बताने वाला युवक वास्तव में हसरे आलम है और उसने अपनी असली पहचान छिपाई थी.
पीड़िता का आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी लगातार उस पर दूसरा धर्म अपनाने का दबाव बनाने लगा. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी. उसने बताया कि इस दौरान उसके परिवार वालों ने भी उसका साथ छोड़ दिया, जिसके कारण वह मजबूरी में आरोपी के साथ रह रही थी.
संगीता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसका आधार कार्ड भी “सानिया खातून” नाम से बनवा दिया. इसी बीच जब वह दूसरी बार गर्भवती हुई तो आरोपी उसे छोड़कर अपने घर भाग आया. इसके बाद पीड़िता हरपुर थाना पहुंची और आरोपी के खिलाफ आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की.
पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद उसका जीवन पूरी तरह नरक बन गया था. उसे कहीं से कोई सहारा नहीं मिल रहा था. बाद में स्वच्छ रक्सौल द्वारा संचालित आश्रय स्थल में उसे शरण मिली. फिलहाल वह आठ माह की गर्भवती है और वहीं रह रही है.
पीड़िता ने यह भी दावा किया कि शादी के बाद उसे जानकारी मिली कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी से दो से अधिक बच्चे हैं.
इधर, मामले को लेकर हरपुर थाना प्रभारी प्रियंका कुमारी ने बताया कि पीड़िता का आवेदन प्राप्त हुआ है. दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास चल रहा है. आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
