सीतामढ़ी होकर चली अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी नई अमृत भारत ट्रेन,भव्य स्वागत
सीतामढ़ी. सीतामढ़ी होकर अब अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए नई अमृत भारत ट्रेन का परिचालन शुरू हो गया है. गुरुवार को दोपहर 12:45 बजे अमृतसर से रवाना हुई ट्रेन संख्या 14664 ने शुक्रवार शाम 4:30 बजे सीतामढ़ी स्टेशन पर पहला ठहराव लिया. सीतामढ़ी पहुंचने पर केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ और कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स, सीतामढ़ी के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुंदरका के नेतृत्व में ट्रेन का भव्य स्वागत किया गया. कैट सचिव आलोक कुमार, स्टेशन अधीक्षक नीतीश्वर कुमार सिंह, वाणिज्य अधीक्षक अजय कुमार समेत अन्य यात्री और रेलकर्मी मौजूद रहे. मौके पर लोको पायलट एसके वर्मा, सहायक लोको पायलट अभिजीत कुमार, ट्रेन मैनेजर दिनेश कुमार श्रीवास्तव और सुरजीत कुमार कुशवाहा को फूलमाला पहनाकर, माता सीता की प्राकट्य झांकी और प्रमुख तीर्थ स्थलों का मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया.
ट्रेन गुरुवार दोपहर 12:45 बजे अमृतसर से चलकर जालंधर, लुधियाना, गोरखपुर, रक्सौल, बैरगनिया होते हुए सीतामढ़ी पहुंची.पांच मिनट के स्टॉपेज के बाद शाम 4:35 बजे यह जनकपुर रोड, झंझारपुर, फारबिसगंज, सिलीगुड़ी होते हुए शनिवार सुबह 4:15 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 14663 सोमवार सुबह आठ बजे न्यू जलपाईगुड़ी से चलकर सोमवार सुबह 2:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी. जिलाध्यक्ष सुंदरका ने प्रधानमंत्री, रेलमंत्री और स्थानीय सांसद समेत रेल अधिकारियों का आभार जताया और कहा कि उम्मीद है कि भविष्य में मुजफ्फरपुर की लंबी दूरी की ट्रेनों का विस्तार सीतामढ़ी तक होगा।