हाईवे पर पेड़ और बिजली का खंभा गिरने से दो महिलाओं की मौत,बाइक चालक घायल
सीतामढ़ी नगर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम आई तेज आंधी एक परिवार के लिए काल बन गई. पुपरी स्टेट हाईवे पर बुनियादी विद्यालय के समीप अचानक पेड़ और बिजली का खंभा गिरने से बाइक सवार एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए.
मिली जानकारी के अनुसार, बाजपट्टी थाना क्षेत्र के कचहरी पर गांव निवासी मोहम्मद सहनवाज अपनी पत्नी रखिबा खातून और बहन निखत प्रवीण के साथ बाइक से जा रहे थे. शाम करीब 6 बजे जैसे ही वे नगर थाना क्षेत्र स्थित बुनियादी विद्यालय के पास पहुंचे, तभी तेज आंधी शुरू हो गई. आंधी के कारण सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ और बिजली का खंभा अचानक उनकी बाइक पर गिर पड़ा.
इस हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को मलबे से बाहर निकाला.
लेकिन तब तक सहनवाज की पत्नी रखिबा खातून और बहन निखत प्रवीण की मौत हो चुकी थी. वहीं घायल मोहम्मद सहनवाज को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
पुलिस ने दोनों मृतक महिलाओं के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस दर्दनाक घटना के बाद कचहरी पर गांव समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सड़क से गिरे पेड़ और खंभे को हटवाकर यातायात बहाल करा दिया.
थानाध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया कि हादसे में एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत हुई है, जबकि घायल का इलाज चल रहा ह.। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
