छिनतई गिरोह का सदस्य गिरफ्तार:बरौनी रेलखंड पर संयुक्त चेकिंग अभियान..
बेगूसराय।बरौनी रेलखंड पर जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी गढ़हरा पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर रात एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी न्यू बरौनी और बरौनी स्टेशन के बीच चेकिंग अभियान के दौरान हुई।
पुलिस टीम ने 15632 बाड़मेर एक्सप्रेस की रफ्तार धीमी होने पर एक युवक को हाथ में बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में भागते देखा। संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने छिनतई की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। जीआरपी इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि आरपीएफ इंस्पेक्टर लोकेश साव और सीआईबी टीम के सहयोग से यह गिरफ्तारी हुई है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान खगड़िया जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बबुआगंज दामनगर निवासी सुमित उर्फ राजधानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक महिला का पर्स बरामद किया है, जिसमें कॉस्मेटिक सामान था। इसके अतिरिक्त, दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।जीआरपी के अनुसार, आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई से रेल यात्रियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है”
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
