हसनपुर से बरौनी तक रेलखंड के निर्माण के लिए अब तक नहीं किया गया कोई काम
समस्तीपुर रेल मंडल के हसनपुर से बरौनी तक नए रेलखंड के निर्माण के लिए विभाग की ओर से सर्वेक्षण होने 5 साल बाद भी रेलखंड निर्माण के लिए अभी तक कोई कार्य शुरू नहीं किया गया है। जबकि 29 साल पहले हसनपुर से बरौनी तक रेलखंड निर्माण की सुगबुगाहट होने से लेकर अब तक विभाग की ओर से 2 बार सर्वेक्षण किया जा चुका है। क्षेत्र के आम लोगों का ऐसा मानना है कि हसनपुर से बरौनी तक नए रेलखंड के निर्माण होने से सुदूर देहात के लोगों को रेल की सुविधा नसीब होगी। बताया जाता है कि हसनपुर से बरौनी तक नए रेलखंड के निर्माण के लिए साल 1996 व 1998 के बीच रेल मंत्रालय की ओर से सर्वेक्षण का आदेश जारी किया गया था।
साल 1998 में तत्कालीन रेलमंत्री रामविलास पासवान के पहले पर आंशिक रूप से सर्वेक्षण का काम भी किया गया। लेकिन दुर्भाग्य रहा कि आगे काम प्रगति नहीं हुआ। फिर साल 2021 में रेल मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के तहत सर्वेक्षण कार्य किया गया। लेकिन सर्वेक्षण के 5 साल बाद भी अभी तक रेलखंड निर्माण के लिए कोई काम शुरू नहीं हुआ है। बताया जाता है कि हसनपुर से बरौनी तक नए रेलखंड निर्माण के लिए दो बार सर्वेक्षण होने के बावजूद काम शुरू नहीं होने पर समस्या समाधान के लिए लोकसभा में भी आवाज उठाई जा चुकी है। इसके जबाब में रेल मंत्रालय की ओर से जबाब दिया गया कि सर्वेक्षण का काम पूरा हो चुका है। लेकिन निधि के अभाव में कार्य शुरू नहीं किया गया है।