समस्तीपुर:हनुमान मंदिर में भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ अष्टयाम शुरू
समस्तीपुर।विभूतिपुर प्रखंड के सिंघिया बुजुर्ग उत्तर पंचायत स्थित समस्तीपुर रोड वार्ड 8 के सार्वजनिक हनुमान मंदिर परिसर में शनिवार को श्रद्धा व भक्ति भाव से दो दिवसीय 108 अष्टयाम महायज्ञ रामविलास महाराजी की अध्यक्षता में शुभारंभ हुआ। महायज्ञ के प्रथम दिन शनिवार को भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें 101 महिला एवं पुरुष व्रतियों ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर बूढ़ी गंडक नदी तट तक पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश पूजन संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में “जय श्रीराम”, “जय हनुमान” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से क्षेत्र गूंज उठा। आचार्य फूल कुमार पाठक, रामकुमार झा एवं सुधीर झा ने विधि-विधान के साथ वैदिक मंत्रों द्वारा महायज्ञ का शुभारंभ कराया। मुख्य व्रती के रूप में बृजेश कुमार (मिंटू), किशोर कुमार वर्णवाल, विजय कुमार, उमेश कुमार एवं दिनेश कुमार ने अनुष्ठान में भाग लिया।
महायज्ञ स्थल पर लगातार “जय सीताराम, राधेश्याम, गौरी शंकर, जय हनुमान” महामंत्र का जाप किया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर है। शोभा यात्रा का नेतृत्व प्रेमचंद प्रियदर्शी ने किया। इस मौके पर सरपंच अरविंद कुमार, जवाहर प्रसाद, वर्णमाला कारी साह, उपेंद्र दाहा, रामप्रवेश कुमार, रविंद्र कुमार, रामलखन महतो समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु व ग्रामीण मौजूद थे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
