छत्तीसगढ़ पुलिस ने समस्तीपुर से जीजा-साला को किया गिरफ्तार:कैमरा बेचने के नाम पर 2 लाख की ठगी..
समस्तीपुर जिले से छत्तीसगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से पुराना कैमरा बेचने के नाम पर 2 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी जीजा-साला हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव के रहने वाले कपिल देव सिंह के बेटे 25 साल के सुबोध सिंह और सराय रंजन थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव के रहने वाले रामविलास महतो के बेटे 38 साल के धीरज कुमार महतो के रूप में हुई है। धीरज कुमार महतो सुबोध सिंह के जीजा हैं। छत्तीसगढ़ के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की वकील भव्या देवगन ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।
भव्या देवगन ने 5 फरवरी 2026 को थाना में लिखित आवेदन दिया था
छत्तीसगढ़ पुलिस अधिकारी ज्वलन कुमार ने बताया कि अधिवक्ता भव्या देवगन ने 5 फरवरी 2026 को थाने में लिखित आवेदन दिया था। इसमें सुबोध सिंह और उनके जीजा धीरज कुमार महतो पर सोनी का पुराना कैमरा बेचने के बहाने 2 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया गया था। इस आवेदन के आधार पर पुरानी बस्ती थाने में मामला संख्या 60/26 दर्ज किया गया।मामला दर्ज होने के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस की तीन सदस्यीय टीम समस्तीपुर पहुंची। टीम ने मुसरीघरारी थाना पुलिस के सहयोग से फतेहपुर से सुबोध सिंह को गिरफ्तार किया। वहीं, सराय रंजन थाना पुलिस की मदद से मूसापुर से धीरज कुमार महतो को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
मेडिकल के बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में किया जाएगा पेश
गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस दोनों आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के लिए सदर अस्पताल ले गई। आपातकालीन वार्ड में डॉ. नीरज कुमार की देखरेख में उनका मेडिकल परीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मेडिकल परीक्षण के बाद दोनों को समस्तीपुर न्यायालय में पेश किया जाएगा। न्यायालय से निर्देश मिलने के बाद आरोपियों को छत्तीसगढ़ ले जाकर पूछताछ की जाएगी और फिर छत्तीसगढ़ न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।इस मामले को लेकर एएसपी संजय कुमार पांडे ने बताया छत्तीसगढ़ की पुलिस के द्वारा मुसरीघरारी एवं सराय रंजन थाना इलाके से दो लोगों को ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
