समस्तीपुर से ठग को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार: साइबर ठगी के 1 लाख रुपए खाते में आए थे
समस्तीपुर के साइबर ठग को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी हर्षवर्धन गिरोह का सदस्य है। उसके बैंक खाते में ठगी के 1 लाख रुपए आए थे। मामले को लेकर दिल्ली के जामिया नगर थाने में डेढ़ महीने पहले केस दर्ज हुआ था। गिरोह का कनेक्शन विदेश से जुड़ा है।जिसमें पहली गिरफ्तारी जामिया नगर निवालसी अबुजार गफारी की हुई थी। उससे पूछताछ के दौरान साइबर ठगी का खुलासा हुआ। जिसके बाद हर्षवर्धन की भी संलिप्ता सामने आई। हर्षवर्धन के खाते में जो रुपए आए थे, उसका 10 प्रतिशत रखकर बाकी रुपए अबुजार को भेजने थे।
बताया गया है कि गिरोह के सदस्य पहले साइबर ठगी करते थे। उससे जो रुपए आते थे। उसे अलग-अलग लोगों के खाते में डालते थे। उन लोगों में से हर्षवर्धन भी शामिल था। हर्षवर्धन समस्तीपुर के नगर थाना क्षेत्र स्थित पंजाबी कॉलोनी का रहने वाला है।दिल्ली के रहने वाला गिरफ्तार साइबर ठग अबुजार हरियाणा का रहने वाला है। पिछले 2 साल से वो दिल्ली में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। उसके 9 भाई-बहन हैं। पिता साऊदी अरब में काम करते हैं।
अबुजार ने दिल्ली पुलिस को बताया कि टेलीग्राम से उसकी पहचान विदेश में रहने वाली राय एलिजाबेथ नामक एक शख्स से हुई थी। एलिजाबेथ ने उसे अपने साथ काम करने का प्रस्ताव दिया था, जिसके बाद वह इस गिरोह में शामिल हो गया।
जिसने खाता उपलब्ध कराया, उसने ही शिकायत दर्ज कराई
अबुजार ने पुलिस को बताया कि राय एलिजाबेथ ने कहा था कि मुझे बैंक खाता उपलब्ध कराना है। उस अकाउंट में रुपए ट्रांसफर होंगे। उसमें से 10 प्रतिशत कमीशन लेकर बाकी रुपए देने होंगे। अबुजार ने कहा कि गिरोह में इबटिंडा प्रवीण भी थी।इबटिंडा ने नाजिया इकबाल से मेरी पहचान कराई। नाजिया को भी खाता उपलब्ध कराने को कहा था। नाजिया रुपए की लालच में आ गई और 3 अकाउंट नंबर उपलब्ध कराया। जिसमें 8 हजार रुपए आए। कुछ दिनों बाद नाजिया को शक हुआ तो उसने जामिया थाने में 19 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई थी।
अबुजार के मुताबिक उसकी पहचान समस्तीपुर के हर्षवर्धन से 3 महीने पहले हुई थी। हर्षवर्धन के खाते में तकरीबन 2 महीने पहले 1 लाख रुपया ट्रांसफर हुआ। सोमवार को दिल्ली पुलिस की टीम समस्तीपुर पहुंची और हर्षवर्धन को गिरफ्तार कर लिया।
नगर थाने की टीम के साथ दिल्ली पुलिस ने छापेमारी की
नगर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीम समस्तीपुर पहुंची और नगर थाने की पुलिस टीम के साथ मिलकर पंजाबी कॉलोनी में छापेमारी की। साइबर ठगी करने के आरोप में हर्षवर्धन को गिरफ्तार कर अपने साथ दिल्ली लेकर चली गई।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
