समस्तीपुर,बगहा सहित कई जिलों में बूंदाबांदी जारी, 25 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट,3 की मौत
पटना।बिहार में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार सुबह समस्तीपुर,बगहा सहित कई जिलों में हल्की बारिश हो रही है। पटना में भी रात भर बारिश हुई है। इससे पहले शुक्रवार को राजधानी समेत 15 जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई और 6 शहरों में ओले भी गिरे।
गयाजी में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई है। जमुई के चकाई में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 15 साल की छात्रा रागनी की मौत हो गई।मोकामा के चिंतामणिचक टाल इलाके में ठनका गिरने से 10 मजदूर जख्मी हो गए। वहीं,पटना और मुजफ्फरपुर में ताड़ के पेड़ पर बिजली गिरी, जिससे पेड़ जल गया।
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी शनिवार को प्रदेश के 25 जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट जारी किया है। 4 जिलों में तेज बारिश, बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट है। इन जिलों में 60KM/H की स्पीड से हवा चल सकती है।बाकी 21 जिलों में हल्की बारिश, आंधी-तूफान का यलो अलर्ट है। अगले 48 घंटे में तापमान 3-5 डिग्री तक गिरने की संभावना है। तेज हवा और अचानक बदले मौसम ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीण इलाकों में फसलों को नुकसान हुआ है।
मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार में गिरे ओले
मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार में शुक्रवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-पानी के साथ ओले गिरे। इस दौरान बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। ग्रामीण इलाके में बड़े पैमाने पर ओले गिरे।
समस्तीपुर के कई गांवों में करीब 10-15 मिनट तक छोटे-छोटे ओले लगातार गिरते रहे। वहीं पूर्व बिहार के जमुई, बांका, मुंगेर और भागलपुर में कई जगहों पर धूल भरी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई।
पटना में आज भी मौसम बदला रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे। तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है। तापमान में गिरावट आएगी, अधिकतम तापमान 32 से 34 के बीच रहने की संभावना है।
मौसम क्यों बदला, क्या है कारण
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बदलाव के पीछे का मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और एक सक्रिय ट्रफ लाइन है। साथ ही दिन में बढ़ती गर्मी के कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ गई है। यही कारण है कि अचानक बादल बन रहे है, जिससे आंधी-बारिश की संभावना बनी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
