पटना में ऑनलाइन बुकिंग नहीं हुई तो एजेंसी की छुट्टी के दिन भी सिलेंडर लेकर पहुंचे लोग
पटना.रसोई गैस की ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही है। उपभोक्ता एजेंसी के कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं। आईओसीएल ने पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद बुकिंग का नियम लागू किया हुआ है। सोमवार को गैस एजेंसियों का कार्यालय बंद रहने के बावजूद लोग खाली सिलेंडर लेकर गोदाम तक गए।
आशियाना-दीघा रोड स्थित सिमोली गैस एजेंसी के बाहर सुबह 6 बजे से उपभोक्ताओं की लाइन लगी। मनोरमा देवी ने कहा कि एजेंसी बंद है। बुकिंग नहीं हो रही है। पड़ोसी से खाली सिलेंडर मांगकर लाई हूं। उत्सव गैस एजेंसी समेत अन्य के गोदामों का लोग चक्कर काट रहे हैं। उधर, डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने स्टॉक और वितरण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम (0612-2219810) को लोग अपनी समस्या बता सकते हैं।
कर्पूरी छात्रावास में मेस बंद : जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास में मेस की सुविधा बंद हो गई है। छात्रों की मानें तो गैस की किल्लत से 5 दिन से मेस बंद है। वहीं, अधिकारियों ने बताया कि मेस संचालक के घर में शादी थी। मंगलवार से मेस चालू हो जाएगा।
महावीर मंदिर में गुजरात से मंगाया इंडक्शन
देशभर में रसोई गैस की किल्लत के बीच पटना जंक्शन महावीर मंदिर ने रामनवमी पर नैवेद्यम बनाने के लिए गुजरात से दो बड़े इंडक्शन चूल्हे मंगवाए हैं। श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने बताया कि इस बार रामनवमी पर मंदिर आने वाले भक्तों के लिए 24 हजार किलो नैवेद्यम बनाने की तैयारी है।
गैस की कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई
पटना| मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने तेल एवं गैस कंपनियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि राज्य में घरेलू गैस, पीएनजी आैर पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। इनकी आपूर्ति पूर्णतः निर्बाध रूप से जारी है। मुख्य सचिव ने डीएम-एसपी को घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण पर रोक लगाने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इंडक्शन चूल्हे से कॉमर्शियल गैस की किल्लत का सामना
राजधानी में कॉमर्शियल रसोई गैस की किल्लत ने के बाद स्ट्रीट फूड वेंडरों ने इंडक्शन चूल्हे खरीद लिए हैं, ताकि काम किसी तरह चलता रहे। कंकड़बाग स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बाहर चाय-बिस्कुट बेचने वाले गौतम के ठेले पर इंडक्शन चूल्हा रखा मिला। उसने बताया दुकान में 300 से 400 रुपए किलो तक से छोटा सिलेंडर में गैस मिल रही है। कदमकुआं, बोरिंग रोड, राजा बाजार समेत कई इलाकों के फूड स्टॉल पर भी इंडक्शन चूल्हा दिखा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
