पटना में हर्निया का नाम लेकर छह महिलाओं की बच्चेदानी निकाल ली
पटना.राजधानी के कंकड़बाग स्थित एवर्स हॉस्पिटल में मानवता को झकझोर देने वाला एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। अस्पताल प्रबंधन ने आयुष्मान भारत योजना की राशि डकारने के लिए छह महिलाओं के साथ जानलेवा धोखाधड़ी की। हर्निया के ऑपरेशन के बहाने इन महिलाओं की बच्चेदानी निकाल ली गई। मामला तब खुला जब ऑपरेशन के बाद घर लौटी महिलाओं को पीरियड आना बंद हो गया और दोबारा जांच में पता चला कि उनके शरीर से बच्चेदानी ही गायब है।
पीड़ित महिलाओं की उम्र महज 30 से 38 वर्ष के बीच है। शिकायतकर्ता त्रिभुवन प्रसाद यादव के अनुसार, उनकी भगिनी अनिता देवी को 10 अक्टूबर 2025 को भर्ती कराया गया था। डॉक्टर ने हर्निया का ऑपरेशन बताया था, लेकिन बिना किसी सहमति के बच्चेदानी निकाल दी गई। परेशान होकर इन महिलाओं ने सिविल सर्जन सहित स्वास्थ्य विभाग में शिकायत दर्ज कराई। सिविल सर्जन की जांच रिपोर्ट में हॉस्पिटल को दोषी मानते हुए कानूनी कार्रवाई करने आदेश दिया है।
सिविल सर्जन ने कहा
शिकायत मिलने के बाद जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल पर प्राथमिकी दर्ज करने व रजिस्ट्रेशन रद्द करने का आदेश दिया गया है। -डॉ योगेन्द्र प्रसाद मंडल, सिविल सर्जन
शिकायतकर्ता ने कहा
अस्पताल द्वारा दर्जनों महिलाओं का बच्चेदानी निकालने की जानकारी मिली थी। जांच में अस्पताल की धोखाधड़ी पकड़ी गई है। -त्रिभुवन प्रसाद यादव, आरटीआई एक्टिविस्ट सह शिकायतकर्ता
जांच दल ने रिपोर्ट में कहा है कि अस्पताल द्वारा प्रस्तुत अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। जिस तिथि की रिपोर्ट दिखाई गई, उस समय मरीज कुसुम हॉस्पिटल में भर्ती थी। इसी कथित गलत रिपोर्ट के आधार पर ऑपरेशन को हर्निया का बताया गया.जांच के दौरान संबंधित डायग्नोस्टिक संस्थान के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. रूपेश कुमार श्रीवास्तव और डॉ. अल्पना पाठक ने भी स्पष्ट किया कि 4 अक्टूबर को किए गए अल्ट्रासाउंड में मरीज की बच्चेदानी सामान्य रूप से मौजूद थी।
कैसे हुआ मामले का खुलासा…
पूनम देवी को बवासीर का ऑपरेशन बताकर निकाल ली बच्चेदानी : पूनम देवी नाम की महिला को बवासीर का ऑपरेशन बताकर बच्चेदानी निकाल लिया गया। महिला का आरोप है कि बवासीर की शिकायत बताकर झूठी रिपोर्ट तैयार की गई। फिर 12 अक्टूबर 2025 को उसकी बच्चेदानी का ऑपरेशन कर दिया गया। सुनीता देवी, ममता देवी को भी बवासीर का ऑपरेशन बताकर बच्चेदानी निकाल लिया गया। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि पीरियड आना बंद हो गया है।
जांच दल के सामने बता दिया अनिता देवी की मौत हो गई एवर्स अस्पताल ने एक जीवित महिला को जांच दल के सामने मृत बता दिया। इसके बाद पीड़ित महिला ने खुद आकर अपने जिन्दा होने की सबूत दिया। मामले में अस्पताल की ओर से संचालक डॉ. राय आशीष नाथ सहाय और डॉ. कीर्ति कंचन ने कहा कि अनिता देवी की बच्चेदानी का ऑपरेशन पहले ही कहीं और हो चुका था और वह 10 अक्टूबर 2025 को उनके अस्पताल में हर्निया के ऑपरेशन के लिए भर्ती हुई थीं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
