वैशाली में युवक बिजली टावर पर चढ़ा:3 घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा,प्रेम प्रसंग
वैशाली के बिदुपुर रेलवे स्टेशन रोड पर बरांटी थाना के सामने सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक बिजली के टावर पर चढ़ गया और अपनी प्रेमिका से मिलने की मांग करने लगा।घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और बिदुपुर थाना के पुलिस अधिकारी संदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। युवक के पास से चूहा मारने वाले जहर का एक पैकेट और एक बोतल भी बरामद हुई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक काफी देर तक टावर पर बैठा रहा और नीचे उतरने से इनकार करता रहा। वह अपनी प्रेमिका के पिता को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहा था। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एसडीआरएफ (SDRF) और बचाव दल को भी सूचना दे दी, ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
नीचे उतरने के बाद परिजन घर ले गए
करीब तीन घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की समझाइश पर युवक किसी तरह टावर से नीचे उतर आया। बताया जाता है कि उसे प्रेमिका से मिलवाने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद उसने नीचे आने का फैसला किया। नीचे उतरने के बाद परिजन उसे अपने साथ घर ले गए।टावर पर चढ़े युवक की पहचान बिदुपुर काली स्थान निवासी प्रदीप यादव के पुत्र नीतीश यादव के रूप में हुई है। नीतीश ने बताया कि उसने गांव की एक लड़की से शादी कर ली थी, लेकिन शादी के बाद लड़की के परिजन उसे जबरन अपने घर ले गए।
नीतीश के अनुसार उसने सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें साझा की थीं, जिसके बाद लड़की के पिता और उसके बीच विवाद हो गया था। बाद में लड़की के पिता ने उससे वे तस्वीरें और वीडियो भी डिलीट करवा दिए।नीतीश का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से उसका लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की के पिता इस शादी को स्वीकार नहीं कर रहे थे और उसे अपनी पत्नी से मिलने नहीं दिया जा रहा था। इसी तनाव में आकर वह बिजली के टावर पर चढ़ गया था।
हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों की समझाइश से स्थिति संभल गई और एक बड़ी घटना टल गई।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
