समस्तीपुर:हसनपुर रोड स्टेशन के नाम के साथ जुड़ा ‘जंक्शन’आज से होगा लागू
पूर्व मध्य रेल मुख्यालय हाजीपुर द्वारा जारी वाणिज्यिक अधिसूचना के अनुसार यह बदलाव 15 मार्च से प्रभावी होगा। यह निर्णय समस्तीपुर मंडल की अनुशंसा पर सक्षम प्राधिकारी द्वारा स्वीकृत किया गया है।रेलवे प्रशासन के अनुसार जिन स्टेशनों के नाम में परिवर्तन किया गया है, उनमें हसनपुर रोड, सीतामढ़ी, सरायगढ़, सुपौल, ककरघट्टी और शीशो स्टेशन शामिल हैं। अब इनका नाम क्रमशः हसनपुर रोड जंक्शन, सीतामढ़ी जंक्शन, सरायगढ़ जंक्शन, सुपौल जंक्शन, ककरघट्टी जंक्शन और शीशो जंक्शन के रूप में जाना जाएगा। हालांकि रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन स्टेशनों के अल्फाबेटिकल कोड और न्यूमेरिकल कोड में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।रेल प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि वे अपने टिकटिंग सिस्टम, वाणिज्यिक और परिचालन रिकॉर्ड समेत अन्य डिजिटल मॉड्यूल में इन स्टेशनों के संशोधित नाम को अपडेट करें।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक स्टेशनों के नाम के साथ “जंक्शन” शब्द जुड़ने से यात्रियों को यह स्पष्ट जानकारी मिलेगी कि संबंधित स्टेशन से एक से अधिक रेलमार्ग जुड़े हैं। इससे यात्रियों को यात्रा योजना बनाने में सुविधा होगी और स्टेशन की पहचान भी अधिक स्पष्ट होगी। इसके अलावा इस बदलाव से समस्तीपुर मंडल के इन स्टेशनों की पहचान राष्ट्रीय रेलवे नेटवर्क में और मजबूत होगी। रेलवे का मानना है कि जंक्शन के रूप में पहचान मिलने से भविष्य में इन स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, कनेक्टिविटी बढ़ाने और माल ढुलाई को भी बढ़ावा मिलेगा।