महिला दिवस पर समस्तीपुर स्टेशन की कमान महिलाओं के हाथ
समस्तीपुर.अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल की गई। इस दौरान समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर टिकट बुकिंग, कंट्रोल कार्यालय और स्टेशन परिसर की स्वच्छता व्यवस्था जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का संचालन महिला कर्मचारियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के तहत स्टेशन के टिकट बुकिंग काउंटरों का संचालन पूरी तरह महिला कर्मचारियों ने संभाला।
महिला कर्मियों ने यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का भी तत्परता से समाधान किया। यात्रियों ने भी महिला कर्मचारियों की कार्यकुशलता, विनम्र व्यवहार और तत्परता की सराहना की। वहीं कंट्रोल कार्यालय में कार्यरत महिला कर्मियों ने ट्रेनों के सुरक्षित और समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करते हुए अपनी दक्षता और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट परिचय दिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेनों की निगरानी और संचालन की प्रक्रिया में महिला कर्मचारियों ने पूरी सक्रियता के साथ अपनी भूमिका निभाई।स्टेशन परिसर की स्वच्छता व्यवस्था में भी महिला कर्मचारियों ने अहम योगदान दिया।
महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन उन्होंने प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के कार्य को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पूरा किया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि भारतीय रेल जैसे विशाल संगठन में महिलाएं लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं। महिला दिवस पर आयोजित यह पहल न केवल महिला कर्मचारियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और कार्यनिष्ठा को सम्मानित करने का प्रयास है, बल्कि समाज में लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण का सकारात्मक संदेश भी देती है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
