बरौनी स्टेशन से बेहोश करने वाली टैबलेट, चाकू, ब्लेड और गहनों के साथ बदमाश गिरफ्तार
बरौनी जीआरपी ने रेलवे स्टेशन परिसर में चलाए जा रहे नियमित जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। युवक के पास से बेहोश करने वाली टैबलेट, चाकू, ब्लेड के साथ सोने-चांदी के गहने बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि वह यात्रियों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देता था।
गिरफ्तार युवक की पहचान समस्तीपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मूसापुर वार्ड संख्या-28 निवासी देवन महतो के 38 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार के रूप में हुई है। जीआरपी थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर स्टेशन पर जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या-1 पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इसके बाद पुलिस ने उसके पिट्ठू बैग की तलाशी ली। तलाशी में बैग से बेहोश करने वाली 30 टैबलेट, एक छोटा चाकू, दो टुकड़ों में टूटा ब्लेड, सोने का हनुमानी, चांदी की अंगूठी और एक घड़ी बरामद हुई।थानाध्यक्ष के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उसके खिलाफ विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद दलसिंहसराय स्थित उसके किराये के मकान की तलाशी भी ली।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
