खाड़ी देशों में फंसे बेगूसराय के युवक,परिजन चिंतित:कहा- घर से भाग कर सड़क पर आ गए
बेगूसराय.ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध जैसी स्थिति और हवाई हमलों की खबरों के बीच अबूधाबी, दुबई और ओमान में कार्यरत पठानटोली बखरी के कई युवक डर और अनिश्चितता के माहौल में जीवन बिता रहे हैं। रोजगार की तलाश में विदेश गए ये युवा वर्तमान हालात से सहमे हुए हैं और भारत सरकार से सुरक्षित स्वदेश वापसी की गुहार लगा रहे हैं।
अबूधाबी एयरपोर्ट से करीब 10 किलोमीटर दूर मुस्सफाह क्षेत्र स्थित एक एल्यूमिनियम फैब्रिकेशन कंपनी में फीटर के रूप में कार्यरत पठानटोली के रहने वाले खुर्शीद खान के बेटे मिजान खान उर्फ पिट्टू ने बताया कि हालिया हमलों को वह अपनी आंखों से देख रहा है। किसी तरह भागकर और छिपकर जान बचानी पड़ी।
भारत सरकार से जल्द सुरक्षित निकालने की अपील
फोटो या वीडियो बनाना प्रतिबंधित है। सरकार ने कड़े निर्देश जारी कर कहा है कि देश के अंदर किसी भी काम का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर डालने और कहीं दूसरे जगह भेजने की पाबंदी है। उन्होंने भारत सरकार से जल्द सुरक्षित निकालने की अपील की है। मिजान के बड़े भाई नेहाल खान ने बताया कि जनवरी 2025 में रोजगार के लिए विदेश गया था।
पठानटोली के ही मुस्तफा खान के बेटे मोहम्मद शाजिद दुबई में एलेक इंजीनियरिंग एंड कॉन्ट्रैक्टिंग एलएलसी कंपनी में बतौर इलेक्ट्रिशियन का कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि दुबई इंटरनेशनल हवाई अड्डा के समीप विस्फोट के बाद हमलोग घर से भागकर जान बचाने के लिए सड़क पर आ गए। चारों तरह लोगों में हाहाकार मच गया। भय के साये में रह रहे हैं।
ओमान में तौसीफ को लेकर परिजन व्याकुल
ओमान में एक इंजीनियरिंग कंपनी में टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत पठनटोली निवासी जसीम खान के बेटे तौसीफ खान के परिजनों ने बताया कि पहले नियमित बातचीत होती थी और सब सामान्य था। लेकिन हालिया घटनाक्रम के बाद चिंता बढ़ गई है। परिवार के लोग दुआ कर रहे हैं कि सभी सुरक्षित रहें और जल्द स्थिति सामान्य हो जाए।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
